पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते एएसपी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल पुलिस ने सोमवार सुबह धान लदे ट्रक लूट मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर बताया कि उन्होंने मनगढंत कहानी बनाकर घटना को अंजाम दिया है और धान को उन्होंने दूसरी जगह बेंच दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लाख दस हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
औरैया कोतवाली में पत्रकार वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आरके सक्सेना ने बताया कि 4 जनवरी को मनोज कुमार पुत्र रणवीर सिंह निवासी बदनपुर थाना किशनी जनपद मैनपुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 162 क्विंटल धान लदा ट्रक तीन व्यक्तियों ने बिधूना किशनी रोड पुलिया के पास रोक लिया था और उसमें सवार हो गए थे।
इसके बाद तीनों लोगों ने चालक व परिचालक को नशीली चाय पिलाकर बेहोश कर दिया और धन से लदा ट्रक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने खाली ट्रक को अनंतराम टोल प्लाजा अजीतमल के पास पाया। इसके बाद मामले की विवेचना अमित राठौर ने शुरू की। जांच में उन्होंने पाया कि स्वयं मनोज कुमार ने ही यह साजिश रची और धान बेच दिया। धान बेंचकर वह यह रुपये हड़पना चाहता था और घर वालों को गुमराह करना चाहता था।
उन्होंने बताया कि फर्जी तरह से मनगढ़ंत कहानी बनाकर अभियोग दर्ज कराया गया है। सोमवार को पुलिस ने मनोज कुमार, ट्रक चालक बलराम सिंह पुत्र धर्मदास निवासी ग्राम बदनपुर जिला मैनपुरी व सर्वेंद्र यादव उर्फ गेट बाबू पुत्र उदयवीर सिंह निवासी ग्राम खेड़ा थाना भरथना जनपद इटावा को गिरफ्तार किया गया। जांच में तीनों लोगों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने धान खरीद के एक लाख 80 हजार रुपये मनोज कुमार से बरामद किए। जबकि अन्य दो अभियुक्तों के पास से 15-15 हजार रुपये मिले। आरोपी मनोज कुमार ने बताया उसने अपना धान प्रहलाद सिंह को बेचा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तार करने वाली टीम के उपनिरीक्षक अमित राठौर, राघवेंद्र सिंह, बलवीर सिंह एवं विष्णु कुमार को सम्मानित किया है।