समथर के प्राइमरी स्कूल में बंद गोवंश
- फोटो : amar ujala
छुट्टा गोवंशों को स्कूल में बंद करने के मसले पर भरथना में चार ग्रामीणों की गिरफ्तारी के बाद भी यह सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार देर शाम ताखा क्षेत्र के 12 गांव के किसानों ने 200 गोवंशों को एक प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। मंगलवार सुबह करीब साढे़ नौ बजे एसडीएम ताख व थानाध्यक्ष पहुंचे, लेकिन इस बार केवल ग्रामीणों को समझाया गया। तब जाकर 13 घंटे बाद भूखे-प्यासे गोवंश मुक्त हुए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान थोड़ी देर के लिए पढ़ाई भी बाधित रही।
समथर ग्राम पंचायत के समथर, हिरमानी, नगला, भिखारीदास, लहीटिया, हवेली, अहिबरनपुरा, गपचिया, नगला महासिंह, नगला तार, नगला पछाए के ग्रामीणों ने मिलकर लगभग 200 गोवंशों को सोमवार रात 8:30 बजे समथर गांव में एक ही परिसर में बने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के अंदर बंद कर दिए। ग्रामीणों ने गेट पर ताला डाल दिया। मंगलवार की सुबह उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल दुबे को जानकारी मिली तो उन्होंने प्रशासन को सूचना दी। मंगलवार सुबह थानाध्यक्ष ऊसराहार योगेंद्र शर्मा मौके पर पहुंच गए। 9.30 बजे उप जिलाधिकारी ताखा सत्यप्रकाश भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों छुट्टा गोवंशों द्वारा फसल नष्ट करने का हवाला दिया।
प्रशासन पर गोशालाओं के निर्माण में हीलाहवाली बरतने की बात कही। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर गोवंशों को मुक्त कराया। वहीं भरथना के लालपुर गांव में हुई कार्रवाई में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें मंगलवार को तीन को जेल भेज दिया गया, जबकि चौथे को तबीयत खराब होने की वजह से थाने से ही जमानत दे दी गई।