किच्छा रोड पर तीन पानी के पास ट्रक ने युवक को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन सहित मौके से भागे ट्रक चालक को लालपुर में मय वाहन दबोच लिया गया। मृतक ई रिक्शा चलाता था उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मूलरूप से पूरनपुर पीलीभीत निवासी कुलविंदर सिंह (22) पुत्र शैलेंद्र खेड़ा मोहल्ले में परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था। मंगलवार रात वह किच्छा रोड तीन पानी से पैदल घर की ओर आ रहा था, तभी किच्छा की ओर जा रहे ट्रक संख्या यूपी/25/टी/9002 ने उसे कुचल दिया, जिससे कुलविंदर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने पीछा करके ट्रक को किच्छा मार्ग पर लालपुर के पास पकड़कर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना स्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कुलविंदर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अविवाहित कुलविंदर तीन भाइयों में सबसे छोटा था।