उत्तरी-दिल्ली के मौरिस नगर इलाके में 40 साल की एक महिला की रहस्मय हालात में गोली लगने से मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त अंजली के रूप में हुई है। अंजली का शव उसके एक जानकार कारोबारी की ईको स्पोर्ट एसयूवी गाड़ी से बरामद हुआ। कारोबारी ने अंजली की बहन को कॉल कर उसके आत्महत्या करने की बात बताई थी।
अंजली की बहन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गाड़ी समेत कारोबारी नवीन (28) को हिन्दू कॉलेज के पास से पकड़ लिया गया। पुलिस इस बात का पता कर रही है कि अंजली ने खुद ही गोली मारी या नवीन ने उसकी हत्या की।
देर रात तक पुलिस नवीन से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने अंजली का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक अंजली अपने पति और दो बच्चों के साथ रोहिणी इलाके में रहती थी।