आगरा से पत्नी के साथ लौट रहे यूपी पुलिस के एक उपनिरीक्षक से दो शराबी युवक भिड़ गए। दोनों में जमकर मारपीट हुई, जिससे वहां अच्छा-खासा हंगामा खड़ा हो गया। इस बीच एक शराबी युवक ने कांच की बोतल सादा वर्दीधारी दारोगा के सिर पर दे मारी, जिससे दारोगा घायल हो गए।
वह दूसरी बोतल से भी उन पर हमला करने वाला था, लेकिन उससे पहले ही दारोगा ने उसका हाथ पकड़ लिया। मौके पर काफी भीड़ लग गई। दंपति के साथ मारपीट कर इन युवकों को लोगों ने खदेड़ दिया। एक युवक को तो मौके से भाग गया, जबकि दूसरे को दारोगा ने दबोच लिया। ई-रिक्शा से इस युवक को बिठाकर कोतवाली हाथरस गेट पहुंचाया गया।
हुआ यूं कि दरोगा अपनी पत्नी के साथ आगरा से लौट रहे थे। बुधवार की देर रात वह तालाब चौराहे पर बस से उतरे और अपने घर जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए। इस बीच वहां दो शराबी युवक आए और ई-रिक्शा चालक से अपने साथ चलने को कहने लगे।
जब ई-रिक्शा में बैठे दारोगा ने इन युवकों से मना किया तो वह दारोगा पर ही हावी हो गए। काफी देर तक तालाब चौराहे पर अच्छा-खासा तमाशा होता रहा। बाद में इनमें से पकड़े एक युवक को थाने ले जाया गया तो वहां भी काफी भीड़ जमा हो गई। थाने में पहुंचा युवक खुद को तालाब चौराहे का ही निवासी बता रहा था। उसका कहना था कि घटना उसने नहीं, बल्कि उसके साथी ने की थी, जोकि मौके से भाग गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।