बीती रात बिलावर-सुकराला मार्ग पर मस्जिद के पास एक चोरी की गई यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी एक बैगनार कार को टक्कर मारने के बाद पलट गई। इस हादसे में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन बस में सवार सभी चोर फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि अभी चंद रोज पहले अज्ञात चोराें ने स्टेट बैंक की एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया था। और अब सड़क पर खड़ी यात्री बस को चुरा कर इलाके में सनसनी फैला दी है। बनिहाल रूट की एक यात्री बस (जेके02बीएन-962) बिलावर-फिंतर मार्ग पर देबल गांव में सड़क किनारे खड़ी थी। उसे रात के वक्त अज्ञात चोरों ने चुरा कर सुकराला की तरफ ले गए।
अभी गाड़ी बिलावर में मस्जिद के पास ही पहुंची थी कि रफ्तार तेज होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक बैगनार कार (जेके08डी/8046) को टक्कर मारने के बाद पलट गई। इससे पहले की लोग घटना स्थल पर पहुंचते गाड़ी चुराने वाले बदमाश फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह गाड़ी को सड़क के बीच से हटा कर सुकराला मार्ग पर यातायात बहाल किया जा सका।