हरपालपुर (हरदोई)। मां के साथ छप्पर के नीचे सो रही कक्षा दो की छात्रा की बुधवार रात गला रेतकर हत्या कर शव बाग में फेंक दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह शव मिलने से गांव में सनसनी मच गई। पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका पर स्लाइड बनवाई है। बच्ची की मां ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करनपुर-मतनी निवासी रिजवान गुजरात में काम करते हैं। गांव में उनकी पत्नी अजनबी पांच बच्चों के साथ कच्ची कोठरी में रहती हैं। बुधवार रात बच्चों के साथ छप्पर के नीचे सो रही थी। गांव के प्राथमिक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ने वाली चौथे नंबर की बेटी साहिबा (7) अचानक लापता हो गई। रात 11.30 बजे अजनबी की नींद खुली तो साहिबा को बिस्तर पर न देख तलाश की, लेकिन पता न चलने पर रिश्तेदारों को जानकारी दी। रिश्तेदारों संग महिला रातभर खोजबीन करती रही। बृहस्पतिवार सुबह यूकेलिप्टस के बाग की तरफ से गुजरे ग्रामीणों को साहिबा का शव पड़ा दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर बच्ची की मां परिजनों के साथ बाग पहुंची। बच्ची की हत्या कर शव फेंकने की सूचना पर बाग में ग्रामीणों का हुजूम इकट्ठा हो गया।
साहिबा का गला धारदार हथियार से रेता गया था। पेट पर भी धारदार हथियार के निशान थे। साथ ही हाथों में खरोंच के निशान भी मिले हैं। जानकारी पर एसपी आलोक प्रियदर्शी पहुंचे और मां से पूछताछ की। एसपी ने घटना के खुलासे के निर्देश पुलिस को दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है। डाक्टरों ने बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स के कुछ हिस्से भी जांच के लिए सुरक्षित किए हैं। बच्ची के चाचा रिहान ने बताया कि साहिबा के दोनों पैर बंधे हुए थे। उन्होंने रंजिश से इनकार किया है। वहीं कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।