कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक छात्रा को शादी की नीयत से बहला-फुसला कर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने बस्ती जिले के निवासी एक दंपति और उसके बेटे पर केस दर्ज किया। पीड़िता मां की तहरीर और एएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
छात्रा की मां का आरोप था कि उसकी पुत्री इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की है और उसकी उम्र करीब 16 साल है। भांजा जो बस्ती जिले का निवासी है, उसके घर पर पांच अगस्त 2016 को आया था। उसी रात वह उसकी बेटी को बहला फुसला कर भगा ले गया। गांव के बाहर भांजे के माता- पिता भी वाहन लेकर मौजूद थे। जब बेटी को लेकर भांजा निकला तो वह समझ नहीं पाई थी। पहले तो बेटी की काफी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल पाया।
दस नवंबर को ननदोई के मोबाइल से उसके मोबाइल पर फोन आया कि उसकी बेटी उनके पास है। बेटी की शादी अपने बेटे से करने का दबाव बनाया और सूचना पुलिस को देने पर बेटी की हत्या कर देने की धमकी दी। उसने जब कोतवाली पुलिस को सूचना दी तो लोग फिर धमकी देने लगे। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि एएसपी के निर्देश के बाद महिला की तहरीर पर उसके ननद, ननदोई और भांजे पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना में जो साक्ष्य मिलेंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।