गिरफ्तार आरोपी सिद्धांत गणोरे
- फोटो : Amar Ujala
मुंबई के बहुचर्चित शीना बोरा हत्याकांड में शामिल अनुसंधान अधिकारी पुलिस इंस्पेक्टर की पत्नी की हत्या के आरोपी बेटे को राजस्थान पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जोधपुर जिले की उदयमंदिर थाना पुलिस द्वारा की गई।
थानाप्रभारी मदन बेनीवाल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सिद्धांत गणोरे है। वह 21 साल का है और मुम्बई की खार थाना पुलिस के निरीक्षक ज्ञानेश्वर गणोरे का बेटा ही है। यानी सिद्धांत ने ही अपनी मां दीपाली की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह महाराष्ट्र से भागकर राजस्थान में जोधपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां स्टेशन के पास स्थित एक होटल में ठहर गया। इसकी सूचना मिलने पर थानाप्रभारी मदन बेनीवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। जहां कमरे में ठहरे आरोपी सिद्धांत गणोरे को हिरासत में ले लिया। उदयमंदिर थाना पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई कर मुंबई पुलिस को सूचना दे दी है।
पिछले दिनों पुलिस इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर गणोरे के बेटे सिद्दांत ने अपनी मां दीपाली की मुंबई में हत्या कर दी थी। ज्ञानेश्वर मुंबई के चर्चित शीना बोरा हत्याकांड केस में अनुसंधान से जुड़े थे। हत्या के बाद पुत्र सिद्धांत गणोरे भी लापता था। इससे कई सवाल खड़े हो गए थे। पहले माना जा रहा था कि हत्या की वारदात में कोई और शामिल है।
उदयमंदिर थानाधिकारी मदन बेनीवाल के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में सिद्धांत ने बताया कि मां की रोज—रोज की किचकिच से घर भुतहा महल हो गया था। मां ने पिताजी को भी परेशान कर दिया और मुझे भी। इससे तंग आकर उसने अपनी मां की हत्या कर दी और भागकर जोधपुर आ गया।
सिद्धांत को मां की हत्या का कोई शिकवा पछतावा नहीं है और मां के खून से शब्द लिखने का अर्थ यही है कि मुझे पकड़ो ओर मार दो। मुंबई पुलिस आज ही सिद्धांत को जोधपुर से लेकर रवाना होगी।