शाहबाद रोड पर बाइक सवार चार लोगों की हादसे में मौत होने के दो दिन बाद ही सोमवार सुबह सड़क पार कर रहे युवक को बोलरो के टक्कर मार देने से संग्रामपुर गांव के लोग भड़क गए। घायल का इलाज कराने और स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर उन्होंने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो ग्रामीण उलझ गए। प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह के भाई मानसिंह जाम खुलवाने पहुंचे तो ग्रामीणों की उनसे तीखी नोकझोंक हो गई। सूचना मिलने पर आंवला की एसडीएम ममता मालवीय मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों को हादसे में घायल युवक का इलाज कराने और स्पीड ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया, तब कहीं चार घंटे बाद जाम खुला।
सोमवार सुबह 10 बजे संग्रामपुर निवासी तीस वर्षीय रामसुमरन सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच शाहबाद की ओर से तेज गति से आई बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर बोलेरो लेकर भाग गया। हादसे से गुस्साईं गांव की महिलाओं और पुरुषों ने सीढ़ी लगाकर सड़क जाम कर दी और वहीं धरने पर बैठ गए। कुछ देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दरअसल, यहीं दो दिन पहले शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार चार लोगों की हादसे में मौत हो गई थी। इससे ग्रामीण बेहद गुस्से में थे।
पुलिस के सख्ती करने पर भड़के लोग
जाम की सूचना मिलने पर सिरौली थाना प्रभारी रामऔतार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए लेकिन नाराज ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। इस पर जब पुलिस गांव वालों से सख्ती से पेश आई तो ग्रामीण भड़क गए और पुलिस से भिड़ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस बैकफुट पर आ गई।
मंत्री के भाई से गांव वाले बोले- आप यहां से चले जाइए
प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह के भाई मानसिंह ग्रामीणों को मनाकर जाम खुलवाने पहुंचे तो गांव वाले नारेबाजी करने लगे और उनसे वहां से जाने को कह दिया। इसे लेकर उनकी गांव वालों से तीखी नोकझोंक हो गई। गांव वाले जाम खोलने को तैयार नहीं हुए तो मानसिंह लौट गए।
इलाज और ब्रेकर के आश्वासन पर हटे ग्रामीण
इस बीच आंवला एसडीएम ममता मालवीय पहुंच गईं। उन्होंने ग्रामीणों को घायल रामसुमरन का इलाज कराने और सड़क पर ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया, तब कहीं ग्रामीण जाम खोलने के लिए राजी हुए। इस दौरान भीषण गर्मी में चार घंटे तक जाम में फंसे रहे लोगों का बुरा हाल हो गया। बाद में पुलिस ने बोलेरो को पकड़कर ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।