मधुबन मार्ग पर सोमवार को अखोप चट्टी के पास स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
उभांव थाना क्षेत्र के बुद्धिपुर निवासी गुलाब पाण्डेय की पत्नी पार्वती (62) अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से ससना बहादुरपुर मार्ग होकर बेल्थरारोड की ओर आ रही थी। अखोप चट्टी के निकट मोड़ पर बेल्थरारोड की ओर से मधुबन जा रही स्कार्पियो से टक्कर हो गई जिससे बाइक पर बैठी महिला बाइक से उछल कर सड़क के किनारे गिर पड़ी और तत्काल मौके पर उसकी मौत हो गई।
हादसे में बाइक चालक का पैर टूट गया। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया ।