झांसी। थाना नवाबाद इलाके में चार युवकों ने शराब के नशे में दो लोगों की जमकर पिटाई की। इसमें एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बीचबचाव करने आए राहगीरों को भी पीटा। करीब बीस मिनट तक युवक जमकर हंगामा करते रहे। बाइक को क्षतिग्रस्त कर चारों युवक भाग निकले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात जेल चौराहा के पास चार पहिया गाड़ी गड्डे में घुस गई। चारों युवक शराब के नशे में थे। इसके बाद चारों ने गाड़ी को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसी बीच वहां से बग्गी लेकर निकल रहे एक युवक को रोक लिया। गाड़ी निकलवाने को लेकर विवाद में चारों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही हेवट मार्केट निवासी बग्गी मालिक हनीफ भी पहुंचे तो चारों ने उसकी भी पिटाई शुरू कर दी। यह देखकर कुछ लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। बीचबचाव करने आए राहगीरों को पीटा। इसके बाद उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर गाड़ी लेकर भाग निकले। सूचना मिलते ही नवाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। मारपीट में घायल हनीफ को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।