दिल्ली और उत्तर प्रदेश से बेसहारा युवतियों को हिसार लाकर उनसे देह व्यापार का धंधा कराने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंड़ाफाेड़ किया है। डीएसपी अभिमन्यु के नेतृत्व में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने शनिवार देर रात को शांत विहार कॉलोनी स्थित एक आवास पर रेड मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
वहां युवतियां भी मिली हैं। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने सेक्टर-14 निवासी दिनेश अग्रवाल, मंगाली सुरतिया निवासी घनश्याम और राजस्थान के जिला चूरू के भगेला निवासी प्रमोद के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
बाेगस ग्राहक बनाकर भेजा
जानकारी के अनुसार कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि सन सिटी के पीछे शांत विहार कॉलोनी स्थित एक आवास में बाहर से युवतियां लाकर उसने देह व्यापार का धंधा करवाया जा रहा है। सूचना के आधार पर शनिवार रात को डीएसपी अभिमन्यु के नेतृत्व में अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विनोद कुमार की टीम ने छापा मारा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी को 1 हजार रुपये देकर बोगस ग्राहक बनाकर भेजा।
पुलिसकर्मी द्वारा इशारे मिलने पर टीम ने आवास पर छापा मारा और वहां पर मौजूद दिनेश अग्रवाल, घनश्याम और प्रमोद को गिरफ्तार किया। बड़ी संख्या में वहां युवतियां भी मिलीं। पूछताछ में सामने आया कि दिनेश ने शांत विहार कॉलोनी में एक कमरा किराये पर लिया हुआ है। दिल्ली और यूपी से युवतियां लेकर आते हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।