लालगंज थाना क्षेत्र के चित्राखोर के कालीचरन की मौत होने पर विलाप करते परिवार के लोग।
लालगंज थानाक्षेत्र के भरवलियां गांव में स्थित तरकुल से ताड़ी उतारने के लिए चढ़े ताड़ीवान की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। लालगंज थानाक्षेत्र के चित्राखोर निवासी कालीचरन बेलदार (38) पुत्र राम अवतार वर्षों से खजूर व तरकुल के पेड़ से ताड़ी उतारकर बेचने का धंधा करता था।
रविवार शाम को भी रोज की तरह वह पास के भरवलिया गांव में स्थित तरकुल के पेड़ पर चढ़ गया। बारिश होने की वजह से पेड़ पर काफी फिसलन थी। जिससे ऊपर पहुंचने पर पांव सरकने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने खुद को संभालने की काफी कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुआ। आनन-फानन में लोग उसे उपचार के लिए सीएचसी बनकटी ले गए। यहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बजाए वहां ले जाने के परिवार के लोग उसे खलीलाबाद लेकर चले गए। जहां रात में उसने दम तोड़ दिया।