उरई। पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है। पकड़े गए सदस्यों के पास से पांच मोबाइल बरामद किए गए है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को खोज निकाला है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए चोर शातिर किस्म के हैं। उनके ऊपर औरैया, कानपुर देहात व कन्नौज में चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस लाइन सभागार में मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि 12 नवंबर को कालपी के मोहल्ला टरननगंज में स्थित मोहित मोबाइल सेेंटर पर ग्राहक बनकर पहुंचे अंकित उर्फ राजा सोनी निवासी उमरैन थाना ऐरवाकटरा जनपद औरैया और हिमांशु सोनी उर्फ ऋतिक पुत्र राजेश सोनी निवासी विकास नगर थाना भोगनीपुर जिला कानपुर देहात व रामजी कश्यप पुत्र रवीश चंद्र निवासी कस्बा उमरैन ऐटवाकटरा जिला औरैया उनकी दुकान पर पहुंचे और मोबाइल देखते समय एक मोबाइल चोरी कर लिया और दुकानदार से मोबाइल पसंद न आने की बात कहकर चले गए। युवकों के जाने के बाद दुकान मालिक ने देखा की दुकान से एक मोबाइल गायब है। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
उपनिरीक्षक अरुण तिवारी ने दुकान में लगे सीसी टीवी के फुटेज देखकर उक्त तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर युवकों के पास चोरी के मोबाइल सहित पांच अन्य मोबाइल बरामद किए। पुलिस की पूछताछ पर चोरों ने बताया कि मोबाइल के शोरूमों व बारात घरों से वह मोबाइल व जेवर आदि चोरी कर लेते हैं। चोरों ने कन्नौज के सौरिख क्षेत्र में कई चोरियां किए जाने की भी बात कही है। इनके खिलाफ सौरिख, ऐरवाकटरा औरैया में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में मनोज कुमार, रामलखन, प्रवीण कुमार, शैलेंद्र त्रिपाठी आदि रहे।