नवाबगंज(उन्नाव)। जैतीपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह इंदौर- पटना एक्सप्रेस के गुजरते वक्त डाउन ट्रैक की पटरी चटक गई। चालक ने कंट्रोलरूम को सूचना दी। मौके पर पहुची रेलकर्मियों ने टीम ने करीब दो घंटे बाद पटरी दुरुस्त किया।
इंदौर- पटना एक्सप्रेस गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जैतीपुर स्टेशन से गुजरी। पटरी से आवाज आने पर चालक ने कंट्रोल रूम को सूचना दी और पटरी के टूटने की आशंका जताई। इस पर मंडल कार्यालय में अफरा तफरी मच गई। कंट्रोल से स्थानीय अधिकारियों को सूचना दी गई।
तब तक मेमू ट्रेन का सिग्नल ग्रीन हो चुका था। लेकिन उसे इमरजेंसी ठहराव के तहत रोका गया। उन्नाव से रेल पथ निरीक्षक की टीम मौके पर पहुंची। चटकी पटरी को दुरुस्त किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आवागमन सुचारू हुआ। इस दौरान ट्रैक पर लखनऊ-कानपुर मेमू के अलावा दो अन्य पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।
स्टेशन अधीक्षक विश्राम व प्रभारी रेल पथ निरीक्षक विकास कुमार ने पटरी टूटने की घटना से इनकार किया है। उधर, आरपीएफ लखनऊ के एक अधिकारी ने पटरी टूटने की पुष्टि की है।