गांव गढ़ी थानी के तीन घरों में लाखों की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। नगर के सिविल लाइन मोहल्ले में शाम ढलते ही एक डॉक्टर के खाली घर को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर दो कमरों की कुंडी तोड़कर घर में दाखिल हो गए। अभी वारदात को अंजाम दे रहे थे कि डॉक्टर का पुत्र घर पहुंच गया और शोर-मचाने लगा। शोर सुन दो चोर फरार हो गए जबकि एक को पड़ोसियों में दबोच लिया और पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए चोर की पहचान दूधिए के रूप में हुई है। वह हर राज डॉक्टर के घर में दूध लेकर आता था। गृह स्वामी के मुताबिक घर से करीब 10 हजार रुपये नकदी चोरी हुई है।
सिविल लाइन मोहल्ला निवासी रामशंकर शुक्ल नेत्र चिकित्सक हैं। बुधवार को वह किसी काम से गोरखपुर गए थे। घर को खाली देखकर गुरुवार की देर शाम चोर उनके घर के लोहे का दरवाजा फांदकर घर में दाखिल हो गए और कमरे की कुंडी तोड़कर सूटकेस में रखे दस हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद घर के अन्य कमरों की कुंडी तोड़ रहे थे। तभी चिकित्सक का पुत्र अमित घर पहुंच गया। आहट सुनने के बाद शोर-गुल मचाने लगा। शोर सुनने के बाद पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और भागते समय एक चोर को दबोच लिया, जबकि दो अन्य भागने में कामयाब रहे।
पकड़े गए चोर को लोगों ने पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान थरौली गांव निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने थरौली निवासी उसके साथी बबलू व मनौवर को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर जांच के लिए स्वाट टीम प्रभारी शिवाकांत मिश्र भी टीम के साथ पहुंचे और निरीक्षण किया। इस संबंध में एसओ शादाब खान ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार लिया गया है, सभी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।