स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का सीनियर मैनेजर बता कर एक शातिर ने महिला के बैंक खाते से 43 हजार रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दे डाला।
थाना न्यू शिमला में न्यू शिमला की स्थायी महिला उर्मिला जम्वाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 नवंबर को उन्हें एक अंजान नंबर से मोबाइल पर फोन आया और कहा कि मैं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का सीनियर मैनेजर दीपक शर्मा बात कर रहा हूं।
शातिर ने कहा कि आपका बैंक खाते का डेबिट कार्ड जीएसटी के कारण बंद पड़ा है। आप अपना कार्ड का नंबर बताएं तो मैं इसे खोल दूंगा। ठगी का शिकार बनी पीड़िता ने शातिर को कार्ड का नंबर बता दिया।
उसके बाद महिला को पता लगा कि उसके खाते से तीन बार किसी ने पैसे निकाले हैं। जब उर्मिला ने बैंक में पता किया तो उसके खाते से शातिर ने 43 हजार रुपये उड़ा लिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवन ने बताया कि एक ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच को बढ़ा रही है।