दुकानों में चोरी के बाद छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बाईपास मंडी समिति के सामने चोरों ने चार दुकानों के ताले तोड़कर करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी कर लिया। सुबह पहुंचे दुकानदारों ने ताले टूटे देख घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची यूपी 100 ने जांच की। मामले की तहरीर सदर कोतवाली में दी गई है।
जीटी रोड सरायमीरा में मंडी समिति के सामने जलालपुर सरवन निवासी महेशर खां की मार्केट है। इसमें मढहरपुर निवासी अब्दुल्ला खां की ख्वाजा मोटर्स के नाम व जलालपुर सरवन के मोहम्मद जफर खां की न्यू सावरी टेलर की दुकान है। सोमवार की शाम दुकानें बंद कर ये लोग घर चले गए। सुबह जब जफर दुकान खोलने पहुंचा तो शटर खुला था।
दुकान में सामान बिखरा था। पास की अन्य तीन दुकानें भी खुली पड़ी थीं। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी स्पेयर पार्ट की दुकान चलाने वाले अब्दुल्ला को दी। वह मौके पर पहुंचे तो पाया कि चोर मार्केट के जीने में लगे दरवाजे का कुंडा खोलकर अंदर घुसे। इसके बाद घटना को अंजाम दिया। मामले की जानकारी होते ही लोगों की मौके पर भीड़ लग गई।
जानकारी होने पर यूपी 100 व सरायमीरा पुलिस ने छानबीन की। चोरों ने चार दुकानों के ताले तोड़ कर तीन बैट्री के अलावा करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसी तरह टेलर की दुकान से 30 सूट सिले चोरी हुए हैं। 10 सूट बिना सिले भी चोर ले गए। दुकानदार ने इनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई। बाकी दो दुकानों से चोर कुछ नहीं ले गए। सरायमीरा में पुलिस गश्त न होने से दुकानदारों ने नाराजगी जाहिर की है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।