सिटी थाना पुलिस ने वेस्ट जोन से बाइक चोरी की 27 वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने वाहन चोर सहित पांच लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया। अदालत ने तीन आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेजा।
दो आरोपी एक दिन की पुलिस रिमांड पर है। एसीपी सिटी अनिल कुमार ने बताया कि खांडसा रोड चौकी प्रभारी अरविंद ने वाहन चेकिंग के दौरान वाहन चोरी के आरोपी रानिया तावडू़ निवासी सोनू व मधुबनी निवासी रणजीत को दबोचा।
उनकी निशानदेही पर अर्जुन नगर कॉलोनी में कबाड़ी का काम करने वाले हरीश उर्फ हन्नी (दामाद) व भूरेलाल (ससुर) को बाइक कटने वाले फैजाबाद यूपी निवासी कुलदीप के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इनके कब्जे से 10 बाइक व 17 बाइक के इंजन को बरामद किया। पुलिस ने पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया।
वहां पर अदालत ने कबाड़ी हरीश उर्फ हन्नी, भूरेलाल व बाइक काटने वाले कुलदीप को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेजा। वाहन चोर सोनू व रणजीत को एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। सिटी थाना प्रभारी बाबूलाल ने बताया कि सोनू पहले भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है।