कनाडा में रहने वाली भारतीय मूल की एक महिला ने फेज-7 स्थित एनआरआई विंग में संगरूर स्थित एक डेरा महंत के खिलाफ दुष्कर्म करने की शिकायत दी है। बहरहाल, एनआरआई विंग ने पीड़िता की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में बताया गया है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसका भाई उसे संगरूर स्थित एक बाबा के डेरे में 30 जनवरी 2016 को लेकर गया था। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जब उसका भाई डेरे से चला गया तो डेरे के महंत ने उसका पासपोर्ट छीन लिया और डेढ़ माह तक रेप करता रहा।
आखिरकार किसी तरह वह एक दिन डेरे से अपना पासपोर्ट निकाल कर भागने में सफल हो गई। इसके बाद वह सीधे पुलिस थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाए उसे एक थाने से दूसरे थाने के चक्कर लगवाती रही।
आखिरकार उसकी मुलाकात वकील रविद्र सिंह से हुई और उन्होंने मोहाली स्थित एनआरआई विंग में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा। इसके बाद वह यहां पहुंची। महिला ने कहा कि अब उन्हें एनआरआई विंग से इंसाफ की उम्मीद है।