असोहा (उन्नाव)। लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कोड़रा निवासी युवक का शव गुरुवार सुबह उन्नाव के असोहा थानाक्षेत्र के जबरेला गांव में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने आत्महत्या की है। पुलिस जांच कर रही है।
असोहा थानाक्षेत्र के जबरेला गांव में गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटकता देखकर प्रधानपति ह्रदयेश तिवारी को सूचना दी। ह्रदयेश ने पुलिस को बताया। सूचना पर थानाध्यक्ष महेशचंद्र और चौकी इंचार्ज अनिल अवस्थी मौके पर पहुंचे। मोहनलालगंज के कोडरा निवासी महेश्वरी ने युवक की पहचान अपने बेटे शिवनरेश (25) के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई गोविंद ने पुलिस को आत्महत्या की तहरीर दी है।
इनसेट
11 मार्च को होनी थी शादी
पिता महेश्वरी ने बताया कि उन्होंने शिवनरेश की शादी रायबरेली में तय कर दी थी। 11 मार्च को शादी होनी थी। परिजन शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। बुधवार रात शिवनरेश की अपने भाइयों से शादी को लेकर कहासुनी हुई थी। इससे गुरुवार सुबह वह घर से चला गया। उसने घर से 6 किलोमीटर दूर फांसी लगाकर जान दे दी।