अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। बकायेदार के सीज खाते से बकाया धनराशि का बैंक ड्राफ्ट बनवाने विकास भवन स्थित पीएनबी बैंक गए सदर तहसील के अमीन और मैनेजर में नोकझोंक हुई। शोर सुनकर गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी पहुंच गए। अमीन को बैंक के बाहर लाकर मामला शांत कराया गया। अमीन ने बैंक मैनेजर पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को जानकारी दी।
शहर के डीएसएन कालेज निवासी राघवेंद्र निगम ने बिछिया के आर्यावर्त ग्रामीण बैंक से व्यक्तिगत लोन ले रखा है। उन्होंने लोन अदा नहीं किया तो बैंक ने तहसील सदर के माध्यम से आरसी जारी कर दी। राघवेंद्र निगम का विकास भवन स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में वेतन खाता है। अमीन दिलीप अवस्थी ने बताया कि गुरुवार को वह एसडीएम का पत्र लेकर बैंक पहुंचे। पत्र में शाखा प्रबंधक के लिए बकायेदार के सीज खाते से बकाया धनराशि का ड्राफ्ट या बैंकर्स चेक बनाकर देने के लिए लिखा है। इस मामले में मैनेजर से बात करनी चाही तो वह अभद्रता करने लगे। वहीं मैनेजर ने लंच टाइम होने की बात कहकर खुद का बचाव करने की कोशिश की। बाद में गेट पर मौजूद होमगार्ड अमीन को समझाकर बाहर ले गए। अमीन दिलीप अवस्थी ने बताया कि मामले की जानकारी एसडीएम को दे दी गई है।