मईल। चोरी के आरोप में बालक को गर्म रॉड से जलाने वाले दुकानदार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने नौ दिन बाद कार्रवाई की है। आरोपी दुकान भूमिगत हो गया है।
कहांव निवासी मनोज बरठा चौराहे पर मोबाइल की दुकान चलाता है। दुकान पर गांव का ही 12 वर्षीय आकाश काम करता था। नौ दिन पूर्व दुकान से कोई सामान गायब हो गया। सामान चुराने का आरोप लगाते हुए दुकानदार ने आकाश की पिटाई कर गर्म रॉड से दागा।
बालक के शरीर पर गहरे जख्म हो गए। उसका इलाज घरवालों ने भागलपुुर पीएचसी पर कराया। आकाश के पिता मोहन प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई की बजाए पुलिस दबाव में आकर सुलह के लिए पीड़ित पर दबाव बनाने लगी। पुलिस की कार्यशैली से आहत पीड़ित ने एसपी मोहम्मद इमरान से न्याय की गुहार लगाई।
एसपी के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने दुकानदार मनोज कुमार पर मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एसओ नेहरू ने बताया कि आरोपी दुकानदार पर केस दर्ज कर लिया गया है।