शहर के मोहल्ला फतेहपुर बजरिया में बाइक सवार दो बदमाशों ने किराना व्यापारी से एक लाख 10 हजार की नगदी से भरा बैग लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला फतेहपुर बजरिया निवासी राकेश अग्रवाल चरखारी मार्ग पर प्रेम पैलेस के पास परमानंद किराना स्टोर के नाम से दुकान किए हैं। रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर थोक व फुटकर बिक्री का पैसा बैग में रखकर स्कूटर से घर जा रहे थे। इन्होंने घर के दरवाजे पर स्कूटर खड़ा किया।
तभी बाइक से आए दो बदमाशों में से एक ने स्ट्रीट लाइट बंद कर दी। दूसरे ने बैग पर झपट्टा मारा। बैग को लेकर दुकानदार और बदमाशों में छीनाझपटी होने लगी। बदमाश को तमंचा निकालते देख दुकानदार ने बैग छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए।
घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी अमित भड़ाना का कहना है कि जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।