ससुरालियों ने नवविवाहिता के पिता को घर बुलाकर गोलियों से भून डाला। वजह जान आपका खून खौल जाएगा। वारदात, हाथरस के सादाबाद थाना इलाके की ग्राम पंचायत कुरसण्डा के मजरा लालगढ़ी में हुई।
आरोपियों ने विवाहिता के पिता को उसके समधी की दुर्घटना की झूठी सूचना देकर घर बुलाया, फिर उसकी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। आरोपियों ने साथ में गए भतीजे को भी जमकर पीटा। मृतक के भाई ने इस मामले में युवती के पति, सास, ससुर, ननद, देवर समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद से सभी लोग फरार हैं, पुलिस ने आरोपियों का एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।
अलीगढ़ के थाना गोंडा के गांव नगला माधौ गहलऊ के रहने वाले हम्बीर सिंह ने बताया कि उसके भाई की बेटी सुमन की शादी 18 फरवरी 2017 को आईटीबीपी में कार्यरत कुशल पुत्र हरिओम के साथ हुई थी। शादी में उनके भाई कोमल सिंह ने 14 लाख रुपए खर्च किए थे। लेकिन शादी के बाद से ही आरोपी एक कार की मांग करते रहे।
हम्बीर सिंह के मुताबिक मेरी भतीजी ने अपने ससुरालीजनों से कहा कि मेरे पिता पर कर्जा हो गया है, अब उनकी कार देने की हैसियत नहीं है। इसी बात को लेकर भतीजी के ससुरालीजन उससे गाली, गलौज मारपीट करते थे। उसे कमरे में बंद करके भूखा रखते थे। हम्बीर सिंह के मुताबिक हरिओम ने शनिवार को अपना एक्सीडेंट होने की सूचना फोन पर कोमल सिंह को दी थी।
इस पर कोमल सिंह अपने भतीजे प्रथम सिंह के साथ अपने समधी हरिओम को देखने के लिए जैसे ही गांव पहुंचे तो पहले से ही घात लगाए बैठे लोगों ने उनपर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। आरोप है कि आरोपियों ने मृतक के भतीजे के साथ मारपीट कर फायरिंग की। लेकिन उसने भागकर अपनी जान बचाई।
थाना प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि घटना के संबंध में तहरीर मिल चुकी है और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्याकांड की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सादाबाद, थाना प्रभारी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।