कुशीनगर जिले में चोटी कटने की घटनाओं के बीच इसी तरह का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो अपने आप में कुछ हट कर है। बाल कटने का यह मामला राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल जीत चुकी बॉक्सर से जुड़ा हुआ है। गुंजा नाम की बॉक्सिंग खिलाड़ी के भी शनिवार की रात बाल कट गए।
वह रात में अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छत पर सोई थीं। सुबह उठीं तो उनके सिर के बाल बिस्तर पर कटे हुए पड़े थे, जबकि बगल में सो रही परिवार की अन्य महिलाओं के बाल सही सलामत थे। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ।
जिला मुख्यालय रवींद्र नगर से सटे सरकारी भिस्वा गांव निवासी साधु गोंड की बेटी गुंजा गोंड एसबी इंटरमीडिएट कॉलेज जानकी नगर में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं। गुंजा जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर की कई बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। वर्ष 2016 में इलाहाबाद में आयोजित 19वीं सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में वह गोल्ड मेडल जीत भी जीत चुकी हैं।
जिला स्टेडियम और विद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर पुरस्कृत कर हौसला आफजाई भी की थी। गुंजा ने बताया कि वह शनिवार की रात अपने माता-पिता, दादी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छत पर सोई थीं। रात में उनके सिर के बाल कब कट गए, पता ही नहीं चला। सुबह में परिवार के लोगों ने बिस्तर पर कटे बाल देखकर शोर मचाया, तब जानकारी हुई।
गुंजा ने बताया कि बाल कटे देखकर फिक्र जरूर है, लेकिन घबराहट बिल्कुल नहीं। उन्होंने बताया कि मेरठ में आयोजित राज्य स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में उन्हें नौ अगस्त को भागीदारी करनी है, जिसमें वह पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलेंगी।
इससे पहले तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा कला की 15 वर्षीय काजल और अंध्या गांव की 11 वर्षीय अनामिका के बाल कट चुके हैं, जबकि विशुनपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर उचकीपट्टी गांव में बबिता नाम की महिला बाल काटे जाने की आशंका से आधी रात को बेहोश हो गई थी।