छिबरामऊ(कन्नौज)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत प्रेमपुर गांव में शाम करीब 4 बजे एक युवक को बाइक तेज चलाने से टोकना मंहगा पड़ गया। बाइक सवार ने साथियों के साथ दुकान पर बैठे युवक के साथ मारपीट कर नगदी लूट ली। युवक ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रेमपुर निवासी विपिन सिंह तोमर पुत्र रणवीर सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी है कि 10 दिसंबर को उसकी शादी है। शनिवार की शाम करीब 4 बजे गांव का अंकित वर्मा उर्फ हर्षजीत पुत्र सुरेंद्र तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। इस पर पिता रनवीर सिंह ने बाइक धीमी गति से चलाने के लिए टोक दिया। इस बात से गुस्साए हर्षजीत ने पिता के साथ गाली-गलौज की। एक घंटे बाद वह तीन अज्ञात साथियों के साथ आ धमका। उस समय वह दुकान पर बैठा था। हर्षजीत और उसके साथियों ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर तोड़फोड़ की। चीख पुकार सुनकर भाई और पिता बचाने आए तो इन लोगों के साथ भी मारपीट की। इन्होंने 12 हजार की नगदी लूट ली। उन्होंने मौके पर हर्षजीत को पकड़ लिया। साथी भाग निकले। हर्षजीत का भाई अमरदीप वर्मा पहले भी हमला कर चुका है।
इस संबंध में आरोपी हर्षदीप वर्मा का कहना है कि विपिन व उसके भाई विक्रम ने उसे रास्ते से पकड़ लिया। घर ले जाकर पीट दिया। दो हजार रुपये लूट लिए। कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक दोनों पक्ष कोतवाली में डटे थे।
युवक से मारपीट कर नगदी लूटी
दुकान में तोड़फोड़ करने का आरोप