संभल। नखासा थाना क्षेत्र के एक गांव में कूड़ा डालकर घर लौट रही एक युवती को गांव के एक युवक ने रास्ते से खींचकर आंगनबाड़ी केंद्र में सात घंटे तक बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म किया। बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने परिजनों को आपबीती सुनाई। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। जबकि आरोपी युवक पुलिस की पकड़ से दूर है।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव की एक युवती रविवार की सुबह आठ बजे कूड़ा डालने के लिए गई थी। उसके घर लौटते समय गांव के प्राथमिक विद्यालय के नजदीक लगे हैंडपंप पर वह हाथ धोने के लिए रुक गई। तभी गांव का एक युवक उसे खींचते हुए प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ले गया। जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। सात घंटों तक बंधक बनाए रखा। काफी देर तक युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों में खलबली मच गई। परिजनों ने युवती को तलाशना शुरू किया तो कहीं सुराग नहीं लगा। करीब दोपहर तीन बजे बदहवास हालत में घर लौटी युवती ने परिजनों को आपबीती सुनाई जिसे सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। युवती को थाने लेकर पहुंचे परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। आरोपी युवक पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस के अनुसार मामला दो दिन पुराना है जिसकी पुलिस प्रत्येक पहलू से जांच कर रही है।
नखासा प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि एक गांव में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला आया है जिसमें मुकदमा दर्ज करके युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।