नशीली दवाओं के तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई विशेष मुहिम के तहत राजोरी पुलिस ने तीन कुख्यात तस्करों को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से नशीले कैप्सूल व चरस बरामद की गई है। एसएसपी राजोरी सुलेमान चौधरी के अनुसार पुलिस ने एक पुख्ता सूचना के आधार पर मंगलवार और बुधवार की रात को शहर के गुज्जरमंडी क्षेत्र में विशेष नाका लगा रखा था।
एसएचओ चमन गोरका व डीएसपी हेडक्वार्टर हमीद चौधरी की अगुवाई में लगाए विशेष नाके के दौरान पुलिस ने तीन कुख्यात तस्करों को धर दबोचा। एसएसपी के अनुसार पकड़े गए कुख्यात तस्कर मौफीद अहमद निवासी वार्ड नंबर 7 राजोरी, तारिक अहमद निवासी वार्ड नंबर 8 राजोरी और सुखविंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर 4 राजोरी के कब्जे से पुलिस ने 72 नशीले कैप्सूल और चरस से भरी छह थैलियां बरामद की हैं।
तीनों कुख्यात तस्करों को एडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उनसे कड़ी पूछताछ कर उनके अन्य साथियों का पता लगाया जा रहा है। सनद रहे कि पकड़े गए तीनों तस्कर पहले भी कई बार नशीली दवाओं की खेप के साथ गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस को इन तीनों की पिछले काफी समय से तलाश थी।