संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर में सोमवार को रात्रि विवाहिता की मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर भाग गए। मंगलवार को सुबह पड़ोस के लोगों ने शव पड़े देखा तो मायके वालों को जानकारी दी। मायके वालों ने ससुराल पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। विवाहिता के परिजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर पति, ससुर, सास समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव रतपुरा निवासी निसार हुसैन की बेटी निशा (25) की शादी से तीन साल पहले नखासा थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर निवासी साकिब अली के बेटे सायम अली के साथ हुई थी। विवाहिता के दो मासूम बच्चे हैं। विवाहिता के पिता के मुताबिक उन्होंने शादी में बाइक व दो लाख रुपये और सामान दिया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को दहेज में बोलेरो गाड़ी की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। सोमवार की रात निशा की मौत हो गई। मौत कैैसे हुई और किसने की। इसकी वजह पुलिस जांच पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो पाएगी। पड़ोस के लोग शव आंगन में पड़े देखा तो विवाहिता के मायके वालों को सूचना दी। सूचना के बाद ससुराल पक्ष विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा होता देख पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर विवाहिता के मासूम बच्चों को अपने साथ लेकर भाग गए। विवाहिता के भाई अबुल हसन का कहना है कि दहेज के लिए उसकी बहन की हत्या कर दी गई है। उधर विवाहिता के ससुर का कहना है कि उसकी मौत बीमारी की वजह से हुई है। नखासा के थाना प्रभारी सर्वेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि विवाहिता के बड़े भाई मेहंदी हसन की तहरीर पर पति सायम अली, ससुर साकिब अली, सास कौसर जहां व साबिर अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
- मैंने घटना स्थल का निरीक्षण किया है, ससुराली भागे हुए हैं। दहेज के लिए हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के बयान लिए जाएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच पड़ताल आगे बढ़ेगी। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि घटना हत्या है या फिर आत्महत्या है।
- सुदेश कुमार, सीओ, संभल।