पुलिस अवैध शराब सहित दो लोगों को पकड़ा
छतारी। क्षेत्र में पुलिस ने गाड़ी में भरकर ले जाते हुए 95 पेटी हरियाणा मार्का शराब पकड़ी है। मौके से पुलिस ने दो तस्करों को भी पकड़ लिया। वहीं उनके दो साथी भागने में सफल रहे। पकड़ी गई शराब की कीमत 2.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि रविवार रात वह पुलिस टीम के साथ चेकिंग पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि टाटा मैजिक गाड़ी में अवैध शराब जा रही है। सूचना के आधार पर वह पंडारावल-पहासू मार्ग पर पहुंच गए। जहां पर उन्होंने पहासू की तरफ से आती हुई टाटा मैजिक को रोक लिया। पुलिस को देखकर उसमें सवार चार लोग भागने लगे। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो को पकड़ लिया। जबकि दो भागने में कामयाब हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ी में रखी 96 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की। पकड़े गए तस्करों की पहचान देशराज उर्फ टिंकू निवासी भेलाई थाना अहमदगढ़ और कालू निवासी गांव किसनपुर थाना जहांगीराबाद के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि भागे हुए आरोपी जहांगीराबाद के गांव किसनपुर निवासी नत्थू और लाला हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो