गांव क्योली में संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत
अरनियां। क्षेत्र के गांव क्योली खुर्द में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। उसका शव चारपाई पर पड़ा देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
गांव क्योली खुर्द निवासी शैलेंद्र सिंह पुत्र तेज सिंह दिल्ली में किसी निजी कंपनी में जॉब करता था। बुधवार रात ड्यूटी से लौटने पर खाना खाने के बाद सोने चला गया। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने उसे चारपाई पर मृत हालत में पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में चीखपुकार मच गई। सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई धीरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देते हुए घटना की जांच की मांग की है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।