लिफ्ट लेकर युवक ने कार से 17 हजार उड़ाए
खुर्जा। लिफ्ट लेकर एक युवक ने कार से 17 हजार रुपये उड़ा लिए। युवक के कार से उतरने के बाद उसमें रखे बैग से रुपये गायब मिले। इस बारे में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
मूल रूप से बुलंदशहर निवासी शिव कुमार अपने परिवार के साथ गाजियाबाद के लोहिया नगर में रहते हैं। सोमवार शाम को वह अपने साढ़ू नरेश के साथ कार से शादी समारोह में शामिल होने जहांगीरपुर जा रहे थे। खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के गांव कलंदरगढ़ी के पास एक युवक लिफ्ट लेकर उनकी कार में बैठ गया। जहांगीरपुर कस्बा आने पर युवक कार से उतर गया। उसके बाद शिव कुमार ने कार में रखा अपना बैग देखा तो उसमें रखे 17 हजार रुपये गायब मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने पुलिस में अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।