50 विकेट लेने के बाद भी नहीं मिला नया अनुबंध
एंडरसन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर अपने क्लब छोड़ने की पुष्टि की थी। लंकाशायर ने उन्हें नया अनुबंध देने से इनकार कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2024 में संन्यास लेने के बाद भी वह काउंटी क्रिकेट खेल रहे थे। इस सत्र में उन्होंने लंकाशायर की ओर से डिवीजन दो में कप्तानी भी की।
क्लब के लिए यह सत्र निराशाजनक रहा और टीम चैंपियनशिप में नीचे से दूसरे स्थान पर रही। ब्रॉड ने माना कि खराब प्रदर्शन के बाद क्लब को अपनी टीम में सुधार करने और खिलाड़ियों पर होने वाले खर्च का आकलन करने की जरूरत है। हालांकि, उनके मुताबिक एंडरसन का प्रदर्शन उन्हें टीम में बनाए रखने के पक्ष में मजबूत दलील देता है।
ब्रॉड ने कहा, 'मैं समझ सकता हूं कि क्लब सोच रहा होगा कि एंडरसन के वेतन में किसी तरह की कटौती करके दो ठीक-ठाक क्रिकेटरों को टीम में शामिल किया जा सकता है। टीम चैंपियनशिप में नीचे से दूसरे स्थान पर रही, उसका सत्र बेहद खराब रहा और पिछले कुछ वर्षों से उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं है। उसे सुधार करने की जरूरत है। लेकिन जिमी ने 17 की औसत से 50 विकेट लिए। देश में बहुत कम गेंदबाजों ने ऐसा किया होगा। इसलिए मुझे हैरानी नहीं है कि दूसरे काउंटी क्लबों ने पहले ही उनसे संपर्क कर यह जानना शुरू कर दिया है कि वह आगे खेलने में कितनी दिलचस्पी रखते हैं।
क्या दूसरे काउंटी क्लब से खेलेंगे एंडरसन?
ब्रॉड ने यह भी स्पष्ट किया कि एंडरसन के बयान में संन्यास लेने की घोषणा नहीं थी। ऐसे में उनके पास किसी दूसरे काउंटी क्लब के लिए खेलने का विकल्प खुला है। ब्रॉड का मानना है कि इस सत्र के प्रदर्शन को देखते हुए कई टीमें उन्हें अपने साथ जोड़ना चाहेंगी।
उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि अब उनके लिए आगे क्या है। उनका बयान दिलचस्प था, क्योंकि उन्होंने संन्यास नहीं लिया। वह दूसरे विकल्पों पर विचार कर सकते हैं। वह अब भी काफी कुछ दे सकते हैं और कई काउंटी क्लब उन्हें अपनी टीम में रखना चाहेंगे। वह अब भी देश के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं।'
ब्रॉड ने आगे कहा, 'मुझे लंकाशायर का यह तरीका बिल्कुल पसंद नहीं आया। मुझे लगा कि यह सही तरीके से नहीं किया गया और अपमानजनक था। आप अपने दिग्गज खिलाड़ियों को इससे बेहतर विदाई देते हैं। यह क्लब में नेतृत्व की कमी दिखाता है।' उन्होंने क्लब के अध्यक्ष और बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाए। ब्रॉड के मुताबिक, अगर एंडरसन एक और साल खेलना चाहते हैं और उन्होंने 17 की औसत से 50 विकेट लिए हैं, तो क्लब को उन्हें बनाए रखने का रास्ता तलाशना चाहिए।