भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण
- फोटो : फाइल फोटो
भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि इशान किशन और सूर्यकुमार यादव इस साल के आखिर में होने वाले टी20 विश्व कप में भारतीय टीम में जगह पाने के हकदार हैं। लक्ष्मण ने एक कार्यक्रम में कहा, यह काफी कठिन सवाल है क्योंकि हमने देखा है कि इस सीरीज में कई युवाओं ने मौके का पूरा फायदा उठाया है।
उन्होंने कहा,लेकिन जिस तरह से इशान और सूर्यकुमार ने अपनी पहली पारी में खेला, मुझे लगता है कि मेरी 15 खिलाड़ियों की विश्व कप टीम में दोनों होंगे। उन्होंने कहा, यह कठिन चयन है लेकिन दोनों विश्व कप में भारतीय टीम में जगह पाने के हकदार हैं।
भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने कहा कि अभी टी20 विश्व कप में काफी समय है और आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके कई खिलाड़ी टीम में जगह पा सकते हैं। यह पूछने पर कि क्या भुवनेश्वर कुमार टीम में होंगे, बांगड़ ने कहा,बेशक। वह फिट हैं और फॉर्म में भी हैं।
22 वर्ष के इशान और 30 वर्ष के सूर्यकुमार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार पदार्पण किया। इशान ने इंग्लैंड के खिलाफ 32 गेंद में 56 रन बनाए जबकि सूर्यकुमार ने चौथे और पांचवें टी20 में क्रमश: 31 गेंद में 57 और 17 गेंद में 32 रन बनाए।