विराट कोहली ने लपककर रोका 'सिक्स'।
- फोटो : Social Media
भारत बनाम अफगानिस्तान टी20 सीरिज का आखिरी मैच काफी रोमांचक रहा। मैच टाई होने के बाद भारत ने दूसरे सुपर ओवर में जीत दर्ज की। मैच में कई ऐसे मोड़ आए, जिसने दर्शकों को उठने तक नहीं दिया। मैच का 17वां ओवर काफी यादगार रहा। इस ओवर में विराट कोहली का बाउंड्री के बाहर जा रही बॉल को लपककर रोकना, भारत की जीत के लिए काफी अहम साबित हुआ।
अब जानें पूरा घटनाक्रम
17वां ओवर। अफगानिस्तान को 20 बॉलों में 48 रनों की जरूरत। अफगानिस्तान के खिलाड़ी गुलबदीन नाइब और करीम जनत क्रिज पर मुस्तैद। ओवर भारतीय गेंदबाद वाशिंगटन सुंदर के पास। वाशिंगटन ने ओवर की पांचवीं बॉल फेंकी। जनत ने पूरी मजबूती से बॉल का सामना किया। बॉल हवा में थी। ‘छक्के’ की उम्मीद थी। दर्शकों की सांसे थम गईं। भारत के लिए यह बॉल काफी अहम थी। तभी कोहली ने कमाल दिखाया और पूरी फुर्ती से हवा में उछल गए और सिक्सर जा रही बॉल को रोक लिया। कोहली की फुर्ती देख वहां मौजूद दर्शक गोट-गोट (G.O.A.T) चिल्लाने लगे।
दर्शक ने कहा- विराट की फील्डिंग भी लजावब
दिल्ली से बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे हितेश ने कहा कि वह पल हमारे लिए यादगार था। भारत के लिए एक-एक रन अहम था, ऐसे में एक सिक्स भारत के लिए परेशानी बन सकता था। सभी दर्शक परेशान थे। पवेलियन पूरा शांत था। लेकिन तभी विराट सामने आए और उन्होंने जिस तरह बॉल को रोका, लोग खुशी के मारे पागल हो गए। विराट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बल्लेबाजी के साथ-साथ उनकी फील्डिंग भी लाजवाब है। वह असल मायने में ‘गोट’ हैं।
सोशल मीडिया पर भी कोहली की तारीफ
सोशल मीडिया पर भी विराट के इस अंदाज को काफी सराहा जा रहा है। एक सोशल मीडिया यूजर का कहना है कि विराट कोहली हमेशा मुझे अच्छा करने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर विराट के फिटनेस को लेकर भी चर्चाएं बढ़ गईं हैं।