फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vaibhav Suryavanshi: वैभव ने तोड़ा ट्रेविस हेड का वर्ल्ड रिकॉर्ड, आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया

Fri, 06 Feb 2026 08:08 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हरारे

सार

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर न सिर्फ भारत को यादगार प्रदर्शन दिया, बल्कि आईसीसी फाइनल्स का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाकर क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। यह पारी भारतीय क्रिकेट के भविष्य की एक चमकदार झलक है।
विज्ञापन
1 of 4
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : Twitter
भारतीय अंडर-19 टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार (6 फरवरी) को क्रिकेट इतिहास में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी मिसाल मिलना मुश्किल है। जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वैभव ने महज 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली।

यह पारी आईसीसी के किसी भी टूर्नामेंट फाइनल (पुरुष, महिला और सभी आयु वर्ग) में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड ट्रैविस हेड के नाम था, जिन्होंने 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहली पारी में 163 गेंद में 174 रन बनाए थे।
विज्ञापन

2 of 4
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
आलोचकों को करारा जवाब
यह सिर्फ एक बड़ी पारी नहीं, बल्कि एक स्टेटमेंट नॉक थी। वैभव ने अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के जड़े और साबित कर दिया कि दबाव के सबसे बड़े मंच पर भी वह पूरी तरह तैयार हैं। टूर्नामेंट के दौरान उनके ‘टेम्परामेंट’ पर सवाल उठाए जा रहे थे, लेकिन फाइनल में उनका बल्ला ही सबसे बड़ा जवाब बन गया, वह भी तब, जब उनकी उम्र सिर्फ 14 साल है।

पूरे टूर्नामेंट में उतार-चढ़ाव, फाइनल में चरम
टूर्नामेंट की शुरुआत वैभव के लिए आसान नहीं रही थी। अमेरिका के खिलाफ वह सिर्फ दो रन बना सके। इसके बाद उन्होंने तीन अर्धशतक और दो 30+ स्कोर जरूर बनाए, लेकिन शतक से चूकते रहे। कई बार वह तेजी लाने के प्रयास में आउट भी हुए, लेकिन फाइनल में, एक ऐसी इंग्लिश टीम के खिलाफ जो भारत की तरह अपराजित थी, वैभव ने अपने खेल को बिल्कुल नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया।

अंडर-19 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा रन
खिलाड़ी टीम पारी रन औसत शतक अर्धशतक
बी.ए. मायेस इंग्लैंड 7 444 74.00 1 2
वैभव सूर्यवंशी भारत 7 439 62.71 1 3
फैसल शिनोजादा अफगानिस्तान 6 435 87.00 2 2
वी. चामुदिथा श्रीलंका 5 310 62.00 2 0
थॉमस रियू इंग्लैंड 6 299 74.75 1 2

सबसे तेज 150 रन बनाने वाले खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह अब अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्यवंशी ने यह कारनामा सिर्फ 71 गेंदों में 150 रन पूरे करके किया, जो अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड है (उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार)। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के बेन मायेस के नाम था, जिन्होंने इसी मैदान पर इसी टूर्नामेंट में 98 गेंदों में 150 रन बनाए थे।

यहीं नहीं, इस सीजन की शुरुआत में भी वैभव सूर्यवंशी ने एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा था। विजय हजारे ट्रॉफी 2025/26 में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज 150 रन जड़ा था। सूर्यवंशी ने यह उपलब्धि महज 59 गेंदों में हासिल की, जिससे उन्होंने दिग्गज एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। डिविलियर्स ने 2015 विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिडनी में 64 गेंदों में 150 रन बनाए थे। लगातार रिकॉर्ड तोड़ते जा रहे वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में यह साबित कर दिया है कि वह भारतीय क्रिकेट का भविष्य बनने की पूरी क्षमता रखते हैं।
विज्ञापन

3 of 4
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
परिपक्वता ने बनाया पारी को खास
इस ऐतिहासिक पारी में वैभव की परिपक्वता साफ दिखी। शुरुआती 18 गेंदों में उन्होंने सिर्फ तीन बाउंड्री लगाईं और इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों की सटीक योजनाओं के खिलाफ धैर्य से बल्लेबाजी की। नौवें ओवर में लेफ्ट आर्मर जेम्स मिंटो के खिलाफ 18 रन बटोरते ही मानो उन्होंने गियर बदल दिया। इसके बाद अगले 17 ओवरों में से पांच ओवर ऐसे रहे, जिनमें 15 से ज्यादा रन बने।
विज्ञापन

4 of 4
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
डबल सेंचुरी से चूके, फिर भी संतुष्ट नहीं
वैभव सूर्यवंशी डबल शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे, लेकिन एक स्लोअर बॉल पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे। खास बात यह रही कि 175 रन बनाने के बाद भी वह संतुष्ट नजर नहीं आए। उनकी निराशा ही बताती है कि उनकी सोच कितनी बड़ी है। मैच के बाद कई इंग्लिश खिलाड़ी खुद चलकर उन्हें बधाई देते नजर आए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें