फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंडर-19 एशिया कप: सेमीफाइनल की चारों टीमें तय, किस ग्रुप से किसने मारी बाजी और कौन बना टेबल टॉपर? जानिए सबकुछ

Tue, 10 Nov 2026 06:46 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अल अमीरात

सार

अंडर-19 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं। ग्रुप-ए से पाकिस्तान और भारत, जबकि ग्रुप-बी से अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने अगले दौर में जगह बनाई। पाकिस्तान और अफगानिस्तान अपने-अपने ग्रुप में टेबल टॉपर रहे। 12 नवंबर को पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत अफगानिस्तान से होगी। फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा।
विज्ञापन
अंडर-19 एशिया कप 2026 - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंडर-19 एशिया कप 2026 के ग्रुप मुकाबले खत्म होने के साथ ही सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं। ग्रुप-ए से पाकिस्तान और भारत ने अगले दौर में जगह बनाई है, जबकि ग्रुप-बी से अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने क्वालिफाई किया है। मंगलवार को खेले गए आखिरी ग्रुप मुकाबलों में भारत ने यूएई को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया, वहीं पाकिस्तान ने नेपाल को 101 रन से शिकस्त देकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब 12 नवंबर को पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत अफगानिस्तान से होगी। टूर्नामेंट का फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा।
विज्ञापन
Trending Videos

भारतीय अंडर-19 टीम - फोटो : BCCI
दोनों ग्रुप से कौन-कौन पहुंचा सेमीफाइनल में?
टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया था। दोनों ग्रुप में चार-चार टीमें थीं। प्रत्येक टीम को अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलने थे। ग्रुप स्टेज के बाद अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान हासिल करने वाली टीमों को सेमीफाइनल में जगह मिली। 

ग्रुप-ए की स्थिति

स्थान टीम मैच जीत हार अंक
1 पाकिस्तान 3 3 0 6
2 भारत 3 2 1 4
3 यूएई 3 1 2 2
4 नेपाल 3 0 3 0

पाकिस्तान ने ग्रुप-ए में अपने तीनों मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत दो जीत और एक हार के साथ दूसरे नंबर पर रहा। यूएई एक जीत के साथ तीसरे और नेपाल बिना किसी जीत के चौथे स्थान पर रहा।

ग्रुप-बी की स्थिति

स्थान टीम मैच जीत हार अंक
1 अफगानिस्तान 3 3 0 6
2 बांग्लादेश 3 2 1 4
3 श्रीलंका 3 1 2 2
4 मलयेशिया 3 0 3 0

ग्रुप-बी में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मैच जीते और छह अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। बांग्लादेश ने तीन में से दो मुकाबले जीतकर चार अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। श्रीलंका और मलयेशिया टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

आर्यवीर सहवाग - फोटो : BCCI
भारत ने आखिरी मैच में यूएई को 70 रन से हराया
  • सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को यूएई के खिलाफ जीत की जरूरत थी। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 309 रन बनाए।
  • भारत की ओर से आर्यवीर सहवाग ने 168 गेंदों पर 160 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 17 चौके और सात छक्के शामिल रहे। आर्यवीर ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और बाद में आक्रामक रुख अपनाते हुए यूएई के गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
  • उन्हें वीके विनीत का अच्छा साथ मिला। विनीत ने 69 गेंदों पर 67 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 193 रन की बड़ी साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
  • 310 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने 239 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने मुकाबला 70 रन से जीत लिया। यूएई की ओर से अहमद खुदाबाद ने 74 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
  • इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में चार अंक हासिल करते हुए दूसरा स्थान पक्का किया और सेमीफाइनल में पहुंच गया।

पाकिस्तान अंडर-19 टीम - फोटो : IANS
पाकिस्तान ने नेपाल को हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया
  • दूसरी ओर, पाकिस्तान ने नेपाल के खिलाफ मुकाबले में 101 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 275 रन बनाए।
  • पाकिस्तान की ओर से अहमद हुसैन ने 73 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने नौ चौके जड़े। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 95 गेंदों पर 74 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी हुई, जिसने पाकिस्तान की पारी को मजबूती दी।
  • लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम 43.4 ओवर में 174 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नेपाल की ओर से रोहित चंद ने 37 रन बनाए, जबकि नीरज कुमार यादव ने 29 रन का योगदान दिया।
  • पाकिस्तान की ओर से अहमद हुसैन ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और चार विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
  • इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ग्रुप-ए में अपने तीनों मुकाबले जीतकर छह अंक हासिल किए और पहले स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

अफगानिस्तान अंडर-19 टीम - फोटो : @ACBofficials
अफगानिस्तान का शानदार प्रदर्शन, बांग्लादेश भी सेमीफाइनल में
ग्रुप-बी में अफगानिस्तान का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा। टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीते और छह अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 113 रन से हराया था। इसके बाद मलयेशिया को 10 विकेट से शिकस्त दी। अपने तीसरे मैच में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को 106 रन से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की। वहीं, बांग्लादेश ने श्रीलंका और मलेशिया को हराकर चार अंक हासिल किए। हालांकि उसे अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद दो जीत के साथ टीम ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही और सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल हुई।

आर्यवीर सहवाग - फोटो : ANI/Twitter
अब सेमीफाइनल में किसका किससे मुकाबला होगा?
ग्रुप स्टेज के नतीजों के बाद सेमीफाइनल का समीकरण भी साफ हो गया है।
  • सेमीफाइनल-1: पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश
  • सेमीफाइनल-2: अफगानिस्तान बनाम भारत
  • दोनों मुकाबले 12 नवंबर को ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे।
  • इसके बाद 14 नवंबर को टूर्नामेंट का फाइनल होगा।
विज्ञापन

आर्यवीर सहवाग - फोटो : Twitter
भारत के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अफगानिस्तान
भारत के लिए सेमीफाइनल आसान नहीं होने वाला है। अफगानिस्तान ने ग्रुप स्टेज में अपने तीनों मुकाबले जीते हैं और टीम शानदार लय में है। उसने बांग्लादेश, मलेशिया और श्रीलंका को हराकर अपनी ताकत दिखाई है। दूसरी ओर, भारत ने शुरुआती मुकाबले में नेपाल को 10 विकेट से हराया था, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उसे तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद यूएई के खिलाफ जीत दर्ज कर टीम ने जोरदार वापसी की।

भारत के लिए आर्यवीर सहवाग की फॉर्म बड़ी सकारात्मक बात है। यूएई के खिलाफ उनकी 160 रन की पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं, गेंदबाजों ने भी लक्ष्य का बचाव करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। अब भारतीय टीम की नजरें अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाने पर होंगी। दूसरी तरफ पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। ऐसे में अंडर-19 एशिया कप का खिताबी मुकाबला कौन-सी दो टीमें खेलेंगी, इसका फैसला 12 नवंबर को हो जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें