भारतीय अंडर-19 टीम का सामना एशिया कप के मुकाबले में यूएई से हो रहा है। भारतीय टीम ने यूएई को 310 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत के लिए आर्यवीर सहवाग ने धुआंधार बल्लेबाजी की और 160 रन बनाए जिससे भारतीय टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। आर्यवीर के अलावा वीके विनीत ने अर्धशतकीय पारी खेली।
भारत की शानदार शुरुआत
भारत के लिए लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग पारी की शुरुआत करने उतरे। इन दोनों ने भारतीय अंडर-19 टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को नूरुल्लाह आयोबी ने लक्ष्य को आउट कर तोड़ा। लक्ष्य 32 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आर्यवीर ने वीके विनीत के साथ मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी के दम पर ही भारत का स्कोर 200 के पार पहुंच गया।
आर्यवीर सहवाग की शतकीय पारी
यूएई के खिलाफ आर्यवीर का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने लक्ष्य के आउट होने के बाद भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और अर्धशतक लगाया। आर्यवीर यहीं नहीं रुके और उन्होंने 131 गेंदों पर शतक पूरा किया। आर्यवीर का यह इस स्तर पर पहला शतक है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने टूर्नामेंट में अपना दम दिखाया। उन्होंने विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रनों की साझेदारी की। नसीम खान ने हालांकि, आर्यवीर की शानदार पारी का अंत किया। आर्यवीर 168 गेंदों पर 17 चौकों और सात छक्कों की मदद से 160 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अर्जुन राजपूत चार रन बनाकर आउट हुए।
भारत के लिए विनीत 69 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, यशवर्धन चौहान ने 17, अन्वय द्रविड़ ने 12 और मनल चौहान ने एक रन बनाए। इसके अलावा मोहित उल्वा नाबाद सात और आर्यन सावसनी दो रन बनाकर नाबाद लौटे। यूएई की ओर से नसीम खान ने चार विकेट झटके, जबकि हदयातुल्लाह खान, नूरुल्लाह आयोबी और अयान मिस्बाह को एक-एक विकेट मिला।
यूएई ने जीता टॉस
यूएई ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारतीय अंडर-19 टीम को पिछले मैच में पाकिस्तान से हार मिली थी। अब उसकी नजरें वापसी करने पर टिकी हैं। भारत ने पहले मैच में नेपाल को हराया था।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत अंडर-19: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन चौहान, अर्जुन राजपूत, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, आर्यन सावसानी, काव्य पटेल, मोहित उल्वा, ईशान सूद।
यूएई अंडर-19: मोहम्मद साद (विकेटकीपर), अयान मिस्बाह (कप्तान), अहमद खुदादाद, यायिन राई, मोहम्मद नफीस, हदयातुल्लाह खान, बिलाल खान, नसीम खान, नूरातुल्लाह आयोबी, जैनुल्लाह रेहमानी, उद्दीश सुरी।