बुधवार रात वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के बल्लेबाज क्रिस गेल का वही पुराना रुप नजर आया, जिससे विपक्षी गेंदबाज खौफ खाते हैं। गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप लीग मैच में बल्ले से खूब रन बटोरे। इस बात पता लग चुका है कि अंग्रेजों के खिलाफ गेल को किसने उकसाया था।
इससे पहले इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता देना ऐसा लगा था मानो कैरेबियाई कप्तान डैरेन सैमी ने गलती कर दी हो। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए 182 रन बनाए थे।
लेकिन जब वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरू हुई तो कुछ ही देर में लग गया कि वेस्इंडीज के लिए यह बड़ा लक्ष्य मुश्किल नहीं। हालांकि पहले ही ओवर में कैरेबियाई टीम ने पहला विकेट गंवा दिया था, लेकिन गेल एक छोर से डटे रहे और छक्के और चौकों की बरसात कर दी।
क्रिस गेल ने 48 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए और मात्र 18.1 ओवर में मैच जीता दिया। गेल ने अपनी तूफानी पारी में 11 छक्के और 5 चौके लगाए। मैच के बाद गेल से जब उनकी आतिशी पारी खेलने के पीछे का राज पूछा गया तो उन्होंने राज से पर्दा उठाया।
गेल ने बताया कि जब वह डेसिंगरुम से क्रीज की ओर बल्लेबाजी करने जा रहे थे तो साथी क्रिकेटर सुलेमान बेन ने उन्हें कहा था कि 'इंटरटेन मी' (मेरा मनोरंजन करना)। बस फिर मैंने लंबे-लंबे हिट लगाने शुरू किए।