आईपीएल में पहली बार कप्तानी करने उतरे संजू सैमसन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जबरदस्त बल्लेबाजी की। राजस्थान रॉयल की अगुवाई करते हुए उन्होंने ताबड़तोड़ रन बरसाए और अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने कई कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिए।
सैमसन ने आईपीएल में बतौर कप्तान पहले ही मैच में शतक जड़ दिया। यह उनका आईपीएल करियर का तीसरा शतक रहा। वह डेब्यू कप्तान के रूप में सबसे अधिक रन बनाने के मामले श्रेयस अय्यर (93) से आगे निकल गए हैं। यही नहीं संजू पहले ही कप्तानी मैच में शतक लगाने वाले आईपीएल के पहले और एकमात्र खिलाड़ी भी बन गए हैं।
सोमवार को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स के 222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे संजू ने महज 63 गेंदों में 119 रन ठोके। हालांकि आखिरी तक अपनी टीम के लिए संघर्ष करने के बावजूद वह उसे जीत नहीं दिला पाए।
संजू ने अपनी यादगार पारी के दौरान 12 चौके और सात छक्के जड़े। वह भले ही अपनी टीम को इस मैच में जीत नहीं दिला पाए लेकिन उन्हें उनकी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।