न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में भारतीय टीम की प्लेइंग स्ट्रैटेजी पर फिर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा विवाद छिड़ा है पूर्व भारतीय क्रिकेटर और वर्तमान कमेंटेटर मोहम्मद कैफ के बयान से, जिन्होंने सिलेक्टर्स पर अक्षर पटेल को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। कैफ ने अक्षर को रवींद्र जडेजा से बेहतर विकल्प बताते हुए कहा कि चयनकर्ताओं ने गलत प्राथमिकता तय की है।
जडेजा के फॉर्म पर सवाल, अक्षर कहां गायब?
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अक्षर पटेल अक्तूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से वनडे टीम से गायब हैं। इसके बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड दोनों सीरीज में मौका नहीं मिला। वहीं जडेजा लगातार टीम में बने हुए हैं, जबकि उनका प्रदर्शन कमज़ोर रहा है।
कैफ ने कहा, 'अगर आपको दोनों में से एक चुनना है तो अक्षर वनडे में जडेजा से कहीं आगे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट, छक्के मारने की क्षमता, जडेजा के पास ये नहीं है। हमने आईपीएल में भी देखा है। व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बैटिंग के लिहाज से अक्षर आगे हैं। बॉलिंग में भी आगे हैं। अक्षर पावरप्ले में गेंदबाजी कर सकते हैं।'
अक्षर और जडेजा
- फोटो : BCCI
चयन पर तंज, अक्षर की जगह रेड्डी?
कैफ ने सवाल उठाया कि न्यूजीलैंड स्पिन के खिलाफ संघर्ष करता है, फिर भी अक्षर को बाहर और नीतीश रेड्डी को अंदर क्यों रखा गया? उनका बयान था, 'मुझे नहीं पता कि वो टीम में क्यों नहीं हैं। न्यूजीलैंड स्पिन के खिलाफ कमजोर है, और फिर भी आप रेड्डी को बैक कर रहे हैं, जबकि पहले से ही चार तेज गेंदबाज़ मौजूद हैं।'
कैफ की राय- जडेजा और अक्षर एक साथ भी खेल सकते हैं
कैफ ने आगे प्लेइंग कॉम्बिनेशन सुझाते हुए कहा, 'मैं चाहता हूं कि जडेजा और अक्षर दोनों खेलें। अगर पिछले मैच में रेड्डी की जगह अक्षर होते तो टीम में ज्यादा बैलेंस रहता। जडेजा और अक्षर दोनों लेफ्ट-आर्म स्पिनर जरूर हैं, लेकिन उनका रोल अलग है। जडेजा पावरप्ले के बाद आते हैं, अक्षर नई गेंद से विकेट निकालते हैं।'
अक्षर और जडेजा
- फोटो : ANI
आंकड़ों से क्या साबित होता है?
रवींद्र जडेजा (पिछले पांच वनडे)
- जडेजा ने पिछले पांच वनडे में सिर्फ एक विकेट लिया है।
- इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 257 का रहा है, जो कि डराने वाला है।
- जडेजा ने पिछले पांच वनडे में 257 रन लुटाए हैं।
- इस दौरान उन्होंने 6.11 की इकोनॉमी से रन दिए।
- जडेजा ने बल्ले से चार पारियों में 87 रन बनाए हैं।
- इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 90.62 का रहा है।
अक्षर पटेल (ऑस्ट्रेलिया सीरीज 2025)
- अक्षर ने पिछले साल ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर तीन मैचों की दो पारियों में 75 रन बनाए थे।
- इस दौरान उनका औसत 37.50 का रहा था।
- साथ ही उन्होंने तीन मैचों में तीन विकेट भी लिए थे और उनका इकोनॉमी 4.45 का रहा था।
- अक्षर ने तीन मैचों में महज 89 रन लुटाए थे। उनका गेंदबाजी औसत 29.66 का रहा।
आगे की चुनौती
यानी आंकड़े भी कैफ के दावे को मजबूती देते हैं। हालांकि अक्षर को टी20 वर्ल्ड कप से पहले रेस्ट दिया गया है। भारत के पास अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक बहुत कम अवसर हैं। ऐसे में जडेजा को अपनी जगह साबित करनी होगी, जबकि अक्षर की फिटनेस और उपलब्धता चयनकर्ताओं के लिए अहम रहेगी।