लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ छह विकेट की शिकस्त के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम को अधिक रन बनाने चाहिए थे। उन्होंने किस्मत को उनकी टीम पर मेहरबान होने को कहा है। वहीं, मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि 27 करोड़ रुपये की कीमत हमेशा अच्छे प्रदर्शन की गारंटी नहीं देती, लेकिन ऋषभ पंत को आईपीएल टीम की कप्तानी करने से पड़ने वाले दबाव का सामना करना पड़ रहा है। लैंगर ने यह बात तब कही जब उनकी टीम प्ले-ऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है।
लखनऊ को मुंबई से मिली हार
लखनऊ सुपर जाएंट्स के 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने चोट के बाद वापसी कर रहे रोहित शर्मा (84 रन, 44 गेंद, छह चौके, सात छक्के) और रेयान रिकेल्टन (83 रन, 32 गेंद, छह चौके, आठ छक्के) के बीच पहले विकेट की 143 रन की तूफानी साझेदारी की बदौलत आठ गेंद शेष रहते चार विकेट पर 229 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। निकोलस पूरन (63 रन, 21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) ने इससे पहले अर्धशतक जड़ने के अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (44 रन, 25 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े जिससे सुपर जाएंट्स ने पांच विकेट पर 228 रन बनाए।
कप्तान पंत ने हार के बाद क्या कहा
पंत ने मैच के बाद कहा, 'जिस तरह से हमने शुरुआत की थी हमें निश्चित रूप से और अधिक रन बनाने चाहिए थे। उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। वे इन परिस्थितियों के आदी हैं। निश्चित रूप से हम 10 से 15 रन पीछे रह गए।' पंत ने कहा कि इस तरह के विकेटों पर गेंदबाजों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा, 'एक समय हमारा उन पर पलड़ा भारी था। इस तरह के विकेट पर आप गेंदबाजों को दोष नहीं दे सकते। वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हमें थोड़ी अच्छी किस्मत की जरूरत है।'
'कप्तानी करना आसान नहीं है'
एलएसजी ने पंत को मोटी धनराशि में अपनी टीम से जोड़ा था लेकिन वह पिछले सत्र की तरह इस सत्र में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। लैंगर ने एलएसजी की हार के बाद यहां पत्रकारों से कहा, 'मुझे नहीं लगता कि इसका किसी तरह की धनराशि से कोई संबंध है। कप्तान का पद संभालना आसान नहीं होता है और उन पर काफी दबाव रहता है। वह लगातार अपनी तरफ से अच्छा प्रयास कर रहा है और कड़ी मेहनत कर रहा है।'
'पंत फॉर्म में वापसी से ज्यादा दूर नहीं'
उन्होंने कहा, 'जब हम उसे मुस्कुराते हुए और जोशीले अंदाज में खेलते हुए देखते हैं तो हमें बहुत अच्छा लगता है। वह फॉर्म में वापसी करने से ज्यादा दूर नहीं है।' लैंगर ने कहा कि पंत चुनौतियों का डटकर सामना करते रहेंगे। उन्होंने कहा, 'हमने दो दिन पहले यहां एक अभ्यास मैच खेला था और पंत ने लगभग 40 या 30 गेंदों में 95 रन बनाए थे। उसे देखकर लगता है कि यह ऋषभ पंत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।'
'दूसरी टीम पर हावी होते हुए देखा है'
लैंगर ने कहा, 'हमने उन्हें टेस्ट क्रिकेट में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दूसरी टीम पर हावी होते हुए देखा है। उन्होंने दो दिन पहले जिस तरह से बल्लेबाजी की वह टीम के लिए अच्छा संकेत है। उम्मीद है कि वह आगे हमें मैच जिताएंगे।' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव को सकारात्मक करार दिया। पूरन भी खराब दौर के बाद फॉर्म में लौट गए हैं।
'सही संयोजन तैयार करने की कोशिश'
उन्होंने कहा, 'हमने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया क्योंकि आप सही संयोजन तैयार करने की कोशिश करते हैं और देखते हैं कि टीम के लिए सबसे अच्छा तरीका कौन सा है। अगर आप जीत रहे हैं, तो हर कोई कहता है कि संयोजन सही है। आज हमारी बल्लेबाजी का सकारात्मक पहलू निकी पूरन थे।'