टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम को पहले झटका ओपनर बल्लेबाज जावेद अहमदी (5) के रूप में लगा। अहमदी को रविंद्र जडेजा ने विकेटकीपर एमएस धोनी के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रहमत शाह (3) भी जडेजा की गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए।
अफगानिस्तान की टीम को तीसरा विकेट हाश्मतुल्लाह शाहिदी के रूप में गिरा। शाहिदी को कुलदीप यादव ने बिना खाता खोले क्रीज से चलता किया। इसके बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने उतरे अफगानिस्तान के कप्तान असगर अफगान (0) भी अगली ही गेंद पर कुलदीप का शिकार हो गए।
एक तरफ से छोर संभाल रहे मोहम्मद शहजाद का शतक पूरा होते ही उनके साथ क्रीज पर मौजूद गुलबदीन नईब (15) दीपक चहर की गेंद पर केदार जाधव को अपना कैच दे बैठे। इसके बाद क्रीज पर शहजाद का साथ देने उतरे मोहम्मद नबी ने शानदार बल्लेबाजी की। लेकिन 37वें ओवर की आखिरी गेंद पर शहजाद केदार जाधव की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना कैच दिनेश कार्तिक को दे बैठे।
शहजाद ने 116 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 7 छक्कों की मदद से 124 रन की धमाकेदार पारी खेली और मैच में अफगानिस्तान की उम्मीदों को जिंदा रखा। इसके बाद नजीबुल्लाह जादरान ने क्रीज पर मोहम्मद नबी का खूब साथ दिया। जादरान (20) को रविंद्र जडेजा ने एलबीडबल्यू आउट किया।
इसके बाद अफगानिस्तान के स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाने वाले मोहम्मद नबी भी खलील अहमद की गेंद पर कुलदीप यादव को कैच दे बैठे। नबी ने 56 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 64 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान के खिलाफ रविंद्र जडेजा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा कुलदीप यादव के खाते में दो विकेट आए।
अफगानिस्तान के कप्तान असगर अफगान ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। सबसे खास बात यह है कि इस मैच में रोहित शर्मा की जगह टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी कप्तानी संभाल रहे हैं। एमएस धोनी की कप्तानी में खेला जा रहा यह 200वां वन-डे मैच है।
गौरतलब है कि पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को हराने के बाद टीम इंडिया अपना फाइनल का टिकट पक्का कर चुकी है। वहीं बांग्लादेश के खिलाफ पिछला मुकाबला गंवाने वाली अफगानिस्तान की चुनौती समाप्त हो चुकी है।
एशिया कप में भारत का विजयी अभियान अब तक बरकरार है। हांगकांग, बांग्लादेश और दो बार पाकिस्तान को हराने के बाद आज टीम इंडिया का मुकाबला अफगानिस्तान से हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच में टीम इंडिया बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतर सकती है।
भारत: केएल राहुल, अंबाति रायुडू, मनीष पांडे, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, दीपक चाहर, सिद्धार्थ कौल, कुलदीप यादव, खलील अहमद
अफगानिस्तान: असगर अफगान, मोहम्मद शहजाद, इहसानुल्लाह जमात, जावेद अहमदी, रहमत शाह, हाश्मतुल्लाह शाहिदी, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, राशिद खान, गुलबदीन नाइब, मुजीब उर रहमान, आफताब आलम