गुजरात टाइटंस ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ से पहले बड़ा संदेश दिया। इस जीत के साथ गुजरात ने अंक तालिका में टॉप-2 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली। टीम की जीत में कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की शानदार बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई, जबकि गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने सीएसके को संभलने का मौका ही नहीं दिया।
गिल बोले- सही समय पर टीम ने पकड़ी लय
मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल अपनी टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा, 'प्लेऑफ में जाना बहुत जरूरी है। टीम को सही समय पर लय पाते देखकर खुश हूं। मैं जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहा हूं, उससे काफी संतुष्ट हूं।' गिल ने फील्डिंग की भी तारीफ करते हुए कहा, 'पिछले मैच की तुलना में हमारी फील्डिंग काफी बेहतर रही। जब आप इतने अहम मुकाबले खेलते हैं तो भावनाएं भी बाहर आ जाती हैं।'
कप्तान ने पिछले सीजन की याद करते हुए कहा कि टीम तब भी टॉप पर थी, लेकिन आखिरी दो मुकाबले हारने के कारण टॉप-2 में जगह नहीं बना पाई थी। उन्होंने कहा, 'इस बार हमने उन गलतियों से सीखने की कोशिश की है। फैंस का बहुत शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने आकर हमारा समर्थन किया।'
गिल-सुदर्शन की साझेदारी ने बदला मैच
गुजरात की जीत की नींव सलामी बल्लेबाजों ने रखी। गिल ने 37 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली और लगातार पांचवां अर्धशतक जमाया। दोनों के बीच 125 रन की साझेदारी हुई, जिसने सीएसके के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। अंत में बटलर ने सिर्फ 27 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाकर टीम का स्कोर 229/4 तक पहुंचा दिया।
ऋतुराज ने मानी टीम की कमजोरी
हार के बाद सीएसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने खुलकर स्वीकार किया कि गुजरात हर विभाग में बेहतर रही। उन्होंने कहा, 'जीटी ने खेल के तीनों विभाग में हमें हराया। उन्होंने शानदार क्रिकेट खेला और जीत का पूरा श्रेय उन्हें जाता है।' ऋतुराज ने माना कि गेंदबाजी में टीम से कई गलतियां हुईं। उन्होंने कहा, 'हम पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए, खासकर गिल और सुदर्शन के खिलाफ। जब दोनों बल्लेबाज सेट हो गए तो उन्हें रोकना काफी मुश्किल हो गया।'
CSK के लिए सीख भरा रहा सीजन
ऋतुराज ने सीजन को सीख से भरा बताया। उन्होंने कहा, 'बहुत लोग इस बात पर विश्वास नहीं करते कि हम बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। हमारी टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 20 से भी कम मैच खेले हैं। इस सीजन ने हमें समझाया कि किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है।' उन्होंने आगे कहा, 'कुछ अहम खिलाड़ियों की चोट ने टीम संतुलन बिगाड़ दिया, लेकिन इसके बावजूद हमने छह शानदार जीत दर्ज कीं। मुझे अपनी टीम पर गर्व है।'