ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लैन मैग्रा ने कहा है कि बिग बैश और आईपीएल जैसी क्रिकेट प्रतियोगिताओं से आसानी से मिलने वाला पैसा युवा गेंदबाजों को बर्बाद कर रहा है। युवा गेंदबाज इन लीग्स में पहुंचने के बाद कड़ी मेहनत करना छोड़ देते हैं।
उनके अनुसार यह स्थिति केवल भारत में नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। सबसे बड़ी चीज यह है कि वो कड़ी मेहनत करने के लिए कितना तैयार हैं, यदि इन्हें प्रारंभिक मेहनत से थोड़ी बहुत सफलता हासिल हो जाती है तो उन्हें लगता है कि उन्होंने अपना मुकाम हासिल कर लिया है। इसके बाद वो कड़ी मेहनत और ट्रेनिंग करना छोड़ देते हैं।
मैग्रा का मानना है कि तेज गेंदबाजों को हमेशा कड़ी मेहनत के लिए तैयार रहना चाहिए, और अपनी जगह बनाए रखने के लिए उन्हें और ज्यादा मेहनत करनी चाहिए, यहां कोई आसान विकल्प या शॉर्ट कट उपलब्ध नहीं है। ये अच्छी बात है कि क्रिकेटर अच्छा पैसा कमा रहे हैं, लेकिन मैग्रा मानते हैं खिलाड़ी के लिए पैसा सेकेंड्री होना चाहिए।
खिलाड़ी के लिए खुद को फिट रखना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना पैसे से ज्यादा जरूरी है। मैग्रा का मानना है कि युवा खिलाड़ियों सर्वोच्च लक्ष्य अपने देश का प्रतिनिधित्व करना होना चाहिए।