इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 में हार के बाद नई मुश्किल में फंस गई है। उपकप्तान चोटिल हैं और कप्तान भी जल्द टीम का साथ छोड़ने वाले हैं। ऐसे में आखिरी मुकाबले से पहले इंग्लैंड को एक ऐसा फैसला लेना होगा, जिसका असर पूरी सीरीज पर पड़ सकता है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
इंग्लैंड की टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही टीम के सामने एक नई परेशानी खड़ी हो गई है। उपकप्तान विल जैक्स के गेंदबाजी वाले हाथ में गंभीर चोट लगी है। वह सीरीज के बाकी मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में इंग्लैंड को न सिर्फ उनके विकल्प की तलाश करनी होगी, बल्कि कप्तानी की जिम्मेदारी को लेकर भी फैसला करना पड़ सकता है। हैरी ब्रूक चौथे टी20 के बाद टेस्ट टीम से जुड़ने के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना हो जाएंगे। ऐसे में पांचवें मुकाबले में कप्तानी कौन करेगा?
विज्ञापन
Trending Videos
गेंदबाजी के दौरान चोटिल हुए विल जैक्स, सीरीज से बाहर होने का खतरा
मेलबर्न में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पारी का 19वां ओवर करते समय विल जैक्स चोटिल हो गए। वह बेन ड्वारशुइस के तेज शॉट को कैच करने की कोशिश कर रहे थे। गेंद उनके हाथ की उंगलियों के बीच से निकल गई और उनके हाथ की त्वचा कट गई। चोट इतनी गंभीर थी कि उनके हाथ से खून निकलने लगा।
कई मिनट तक उपचार कराने के बाद जैक्स अपना ओवर पूरा नहीं कर सके। वह अपनी गेंदबाजी के अंतिम दो गेंद भी नहीं डाल पाए और मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण कर रहे हेनरी क्रॉम्ब ने उनकी जगह ओवर की बाकी दो गेंद डालीं। उन्होंने इन गेंदों पर सिर्फ एक रन दिया। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और जैक एडवर्ड्स ने टीम को जीत दिला दी।
मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी जैक्स की चोट को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, 'आप चाहते हैं कि आपके बड़े खिलाड़ी ऐसे मौकों पर आगे आएं। जैक्सी 19वां ओवर करना चाहते थे। वह काफी खून निकलने के बाद मैदान से बाहर आए। उम्मीद है कि वह ठीक होंगे। पिछले दो वर्षों में वह हमारे लिए बेहद अहम खिलाड़ी रहे हैं। अगर उन्हें समय से पहले घर लौटना पड़ा तो यह दुखद होगा।'
पांचवें टी20 में कौन करेगा इंग्लैंड की कप्तानी?
विल जैक्स इस दौरे पर इंग्लैंड के उपकप्तान हैं। उन्हें उम्मीद थी कि वह पहली बार अपने करियर में पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टीम की कप्तानी करेंगे। यह मैच दो दिसंबर को सिडनी में खेला जाना है। दरअसल, हैरी ब्रूक चौथे टी20 के बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होंगे, जहां उन्हें टेस्ट टीम से जुड़ना है। जैक्स की चोट ने इंग्लैंड के सामने कप्तानी का विकल्प तलाशने की चुनौती खड़ी कर दी है। इस बारे में पूछे जाने पर ब्रूक ने कहा, 'यह ऐसा फैसला है जिस पर हमें चर्चा करनी होगी।'
कप्तानी के लिए फिल सॉल्ट और सैम करन के नाम सामने आ सकते हैं। सॉल्ट सितंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में इंग्लैंड की कप्तानी कर चुके हैं। वहीं, सैम करन को भी कप्तानी का अनुभव है। वह सरे की टी20 टीम के कप्तान हैं। इसके अलावा आईपीएल में पंजाब किंग्स और आईएलटी20 में डेजर्ट वाइपर्स की भी अगुआई कर चुके हैं।
पहले मैच में हार के बाद इंग्लैंड की वापसी पर नजर
इंग्लैंड को पहले टी20 में तीन विकेट से हार मिली। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौवें ओवर में दो विकेट पर 110 रन बना लिए थे। कप्तान ब्रूक ने शुरुआती दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 28 गेंद में 65 रन बनाए, जिसमें छह छक्के शामिल थे। हालांकि, इसके बाद इंग्लैंड की पारी की रफ्तार धीमी पड़ गई। टीम ने अंतिम 11 ओवर में सिर्फ 77 रन बनाए। ब्रूक को प्लेयर ऑफ द मैच रहे निखिल चौधरी ने विकेट के पीछे कैच कराया। इंग्लैंड के कप्तान का मानना था कि उनकी टीम 200 से ज्यादा रन बना लेती तो मुकाबला आसानी से जीत सकती थी।
उन्होंने कहा, 'यह क्रिकेट का शानदार मुकाबला था। माहौल भी बेहतरीन था और पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी। दुर्भाग्य से हम 10 रन पीछे रह गए। अगर हम पांच या 10 रन और बना लेते तो मुकाबला जीत सकते थे। ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा शानदार तरीके से किया और हमने अंत तक मुकाबले में बने रहने की कोशिश की।' ब्रूक ने आगे कहा कि पहले मैच में हार के बाद टीम को वापसी करनी होगी। इंग्लैंड ने हाल ही में वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 2-1 से सीरीज जीती थी। अब टीम टी20 सीरीज में भी ऐसा ही प्रदर्शन दोहराना चाहेगी।
आखिरी टी20 के लिए इंग्लैंड ने बुलाया अतिरिक्त खिलाड़ी
इंग्लैंड ने सीरीज के आखिरी टी20 मुकाबले के लिए पहले ही अतिरिक्त खिलाड़ी के तौर पर हैम्पशायर के तेज गेंदबाज स्कॉट करी को टीम में शामिल किया है। इसके अलावा जॉर्डन कॉक्स भी टेस्ट टीम से जुड़ने के लिए दौरा छोड़ेंगे। टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज इंग्लैंड के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक तरफ उसे सीरीज में वापसी करनी है, वहीं दूसरी तरफ जैक्स की चोट और ब्रूक की अनुपस्थिति में कप्तानी का सही विकल्प चुनना है।