फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जितेश शर्मा की टीम इंडिया में वापसी की राह कितनी मुश्किल?: बोले- मैं खुद से ही लड़ रहा हूं, बस रन बनाना है

Sun, 22 Nov 2026 04:34 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आईपीएल में खिताबी जश्न से लेकर चोट और टीम इंडिया से बाहर होने तक, जितेश शर्मा ने मुश्किल दौर देखा है। अब उन्होंने मैदान पर वापसी करते हुए एक ऐसी पारी खेली है, जिसने उनके इरादे जाहिर कर दिए हैं। लेकिन भारतीय टीम में जगह दोबारा बनाने के लिए उन्हें अभी क्या करना है?
विज्ञापन
जितेश शर्मा - फोटो : twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

क्रिकेट में सफलता और असफलता के बीच का फासला कई बार बेहद कम होता है। आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनते देखने वाले जितेश शर्मा कुछ ही समय बाद चोट के कारण मैदान से दूर हो गए। टेनिस एल्बो की चोट ने उनका कई महीने का क्रिकेट छीन लिया। इस बीच उन्हें भारतीय टी20 टीम में भी जगह गंवानी पड़ी। अब जितेश घरेलू क्रिकेट में वापसी कर चुके हैं और टीम इंडिया में अपनी जगह दोबारा बनाने की कोशिश में जुटे हैं। हालांकि, विकेटकीपर बल्लेबाज का कहना है कि वह चयन के बजाय खुद को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।
विज्ञापन


छह महीने तक बल्ला नहीं थाम सके, डीके की मदद से की वापसी
जितेश शर्मा को आईपीएल के बाद टेनिस एल्बो में चोट लगी थी। उनकी कोहनी में टियर था, जिसके कारण उन्हें लंबे समय तक मैदान से बाहर रहना पड़ा। चोट से उबरने के लिए उन्होंने आराम के साथ पीआरपी (प्लेटलेट-रिच प्लाज्मा) इंजेक्शन भी लिए। हालत यह थी कि वह अक्टूबर के आखिर तक बल्ला भी नहीं थाम पा रहे थे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी शुरू होने से महज 15 दिन पहले उन्होंने बल्लेबाजी का अभ्यास शुरू किया।

जितेश ने बताया कि उन्होंने आरसीबी के मेंटर और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक के साथ चेन्नई में अभ्यास किया। कार्तिक ने उनकी तकनीक के साथ मानसिक तैयारी पर भी काम किया। उन्होंने कहा, 'आईपीएल के बाद मैं चोटिल हो गया था। मेरी टेनिस एल्बो में टियर था। मेरा पूरा समय रिकवरी, आराम और पीआरपी इंजेक्शन लेने में चला गया। आप यकीन नहीं करेंगे कि मैंने 15 दिन पहले ही बल्लेबाजी शुरू की है, क्योंकि इससे पहले मैं बल्ला पकड़ने में भी सक्षम नहीं था। हालांकि, मैं अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहा था। इसके बाद मैंने डीके अन्ना के साथ चेन्नई में अभ्यास किया और फिर टीम से जुड़ गया।'
विज्ञापन


उन्होंने आगे कहा, 'हमने इस बात पर काम किया कि मेरा मानसिक नजरिया अच्छा रहे। छह महीने का अंतराल हो गया है तो कोई परेशानी नहीं, लेकिन जितनी जल्दी आप अच्छी मानसिक स्थिति में लौटेंगे, उतना बेहतर होगा। क्रिकेटर के तौर पर फिटनेस और डाइट पर काम करना जरूरी है। अभ्यास के साथ मैच से पहले सही मानसिक स्थिति में आना भी बहुत अहम है।'

भारतीय टीम में चयन की चिंता नहीं, खुद से मुकाबला कर रहे जितेश
जितेश ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला करीब एक साल पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। उस समय वह संजू सैमसन के बाद भारतीय टीम में दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज थे। इस साल टी20 विश्व कप से ठीक पहले ईशान किशन की वापसी के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। इसके बाद आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 12 पारियों में सिर्फ 116 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 122.10 का रहा। अब भारतीय टीम में ईशान किशन के अलावा 22 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने भी अपनी दावेदारी मजबूत की है। कुशाग्र को न्यूजीलैंड दौरे के लिए अलग-अलग प्रारूपों में भारतीय टीम से बुलावा मिला है।

ऐसे में जितेश के लिए वापसी की राह आसान नहीं है। हालांकि, वह दूसरे खिलाड़ियों से अपनी तुलना नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, 'एक क्रिकेटर के तौर पर आपको सबसे पहले यह स्वीकार करना होगा कि आप लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकते और नियमित रूप से भारत के लिए नहीं खेल सकते। यह सच्चाई है। मैं उन चीजों पर ध्यान देता हूं जो मेरे हाथ में हैं। जैसे फिट रहना और टीम को मैच जिताने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना। चयन हो या कुछ और, मेरी मानसिकता यही रहती है।'

उन्होंने आगे कहा, 'आपको कभी नहीं पता कि भारतीय टीम में कब मौका मिलेगा। मैं सिर्फ खुद से मुकाबला कर रहा हूं और अपने ही रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश कर रहा हूं। मैं पहले से बेहतर प्रदर्शन करना चाहता हूं। भारत के लिए खेलने वाले सभी विकेटकीपर मेरे भाई हैं। उन्हें अच्छा करना चाहिए और मैं उनसे भी बेहतर करने की कोशिश करूंगा।'

बुनियादी तकनीक पर किया काम, अब दिखने लगा असर
लंबे ब्रेक के बाद मैदान पर लौटने के बाद जितेश ने जल्दबाजी करने के बजाय अपनी बल्लेबाजी की बुनियादी तकनीक पर काम किया। उन्होंने स्टांस, ग्रिप और सिर की स्थिति को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। इसके अलावा ड्राइव, अपर कट और पुल शॉट का लगातार अभ्यास किया। जितेश ने कहा, 'मैंने सबसे ज्यादा ध्यान बुनियादी चीजों पर दिया। जब आप लंबे अंतराल के बाद वापसी करते हैं तो अपनी बुनियाद मजबूत करना जरूरी होता है। इसके बाद नए और आक्रामक शॉट अपने आप निकलने लगते हैं। मैंने अपने स्टांस, ग्रिप और सिर की स्थिति पर काम किया। ड्राइव, अपर कट और पुल शॉट का लगातार अभ्यास किया।'

राजस्थान के खिलाफ 26 गेंद में 47 रन, 19 पारियों का इंतजार खत्म
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जितेश की वापसी शुरुआत में अच्छी नहीं रही। चंडीगढ़ के खिलाफ वह एक रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद मिजोरम और उत्तर प्रदेश के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्हें बल्लेबाजी के ज्यादा मौके नहीं मिले। लेकिन शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान के खिलाफ उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखाई।

183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जितेश ने 26 गेंद में 47 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने पांच छक्के और एक चौका लगाया। उन्होंने आरसीबी और बड़ौदा के अपने साथी रसीख सलाम के साथ 39 गेंद में 68 रन की साझेदारी भी की। रसीख ने इस मुकाबले में अपना पहला टी20 अर्धशतक लगाया। जितेश के लिए यह पारी कई मायनों में खास रही। 19 टी20 पारियों के बाद उन्होंने पहली बार 30 से ज्यादा रन बनाए। वहीं, 28 पारियों के बाद पहली बार 25 से अधिक गेंदों का सामना किया।

उन्होंने कहा, 'हर मैच महत्वपूर्ण है। भले ही सफेद गेंद के ज्यादा मुकाबले न हों, लेकिन आपको अपनी तैयारी पर ध्यान देना होता है। मैचों में मेरा इरादा और खेलने का तरीका मुझे आत्मविश्वास देता है। अगर मेरा इरादा सही है, मैं सही तरीके से बल्लेबाजी कर रहा हूं और इसके बावजूद रन नहीं बन रहे हैं तो भी कोई परेशानी नहीं है। यही तैयारी मुझे आईपीएल जैसे बड़े मुकाबलों के लिए तैयार करती है।' जितेश को आईपीएल 2027 के लिए आरसीबी ने रिटेन किया है। अब उनके सामने घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने और अपनी टीम को जीत दिलाने की चुनौती है। भारतीय टीम में वापसी की योजना पूछने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'रन बनाना और मैच जिताना, बस इतना ही।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें