जिंबाब्वे 21 नवंबर से पांच दिसंबर तक महिलाओं के विश्व कप क्वालिफायर की मेजबानी करेगा। न्यूजीलैंड में अगले साल चार मार्च से तीन अप्रैल तक चलने वाले महिला विश्व कप के लिए तीन क्वालिफायर की घोषणा की गई है। हालांकि 10 टीमों के टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा आने वाले समय में की जाएगी। क्वालिफायर से आने वाली टीमें पहले ही आईसीसी महिला चैंपियनशिप से क्वालिफाई कर चुकी पांच टीमों ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, दक्षिण अफ्रीका और मेजबान न्यूजीलैंड से जुड़ेंगी।
आईसीसी के टूर्नामेंट प्रमुख क्रिस टेटली ने कहा कि हमारे कैलेंडर में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप क्वालिफायर काफी महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। इससे टीमों को विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने का ही मौका नहीं मिलेगा बल्कि इससे आईसीसी महिला चैंपियनशिप के अगले चरण में अंतिम दो प्रतिभागी भी निर्धारित होंगे। टूर्नामेंट के पांचवें चरण में बांग्लादेश, आयरलैंड, नीदरलैंड, पाकिस्तान, पापुआ न्यू गिनी, श्रीलंका, थाईलैंड, अमेरिका, वेस्टइंडीज और जिंबाब्वे हिस्सा लेंगी